योग से जुड़कर सहभागी बने सभी सरकारी विभाग : कलेक्टर।

योग दिवस की तैयारी में जुटा प्रशासन, 3408 कर्मचारियों ने लिया योग प्रशिक्षण।

बैतूल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत जिला कलेक्टर बैतूल के मार्गदर्शन में जिले के सभी सरकारी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी योग अभियान से जुड़ रहे हैं। स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुष विभाग द्वारा संचालित 100 डेज फ्री लाइव योग सेशन से जिले के विभिन्न विभागों के 3408 अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।

इसी क्रम में बुधवार को बैतूल स्थित हॉकी स्टेडियम में योग अभ्यास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम आयुष विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर, जिला खेल अधिकारी धर्मेंद्र पवार, जिला योग प्रभारी नर्मदा प्रसाद मिश्रा, एमपी हॉकी संघ के जॉइंट सेक्रेटरी तथा हॉकी संघ के सचिव जगेंद्र सिंह तोमर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम में बताया गया कि योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक तनाव और समस्याओं को दूर करने में भी सहायक है। एक स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का निवास होता है के संदेश के साथ लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि 21 जून को मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रतिदिन योग से जुड़कर स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button