भीषण पेयजल संकट से जूझ रहे भोईढाना के ग्रामीण।
एक किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर, जनसुनवाई में कलेक्टर को बताई समस्या।

बैतूल। पेयजल संकट की मार झेल रहे ग्राम घीसीबागला के भोईढाना के ग्रामीणों ने मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर से नए हैंडपंप बोरखनन की स्वीकृति दिलाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि मोहल्ले में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में बताया गया कि भोईढाना में वर्तमान में मात्र दो हैंडपंप हैं, जिनमें से एक पूरी तरह बंद पड़ा है, जबकि दूसरा चालू हैंडपंप मोहल्ले से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित है। ऐसे में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
आवेदन में ग्रामीणों ने मांग की है कि सुक्कन वल्द गन्नू के घर के पास नवीन हैंडपंप बोरखनन की स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि मोहल्ले के लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके। जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की है।




