Block president Golu Soni reacted sharply: यह बजट सिर्फ गुमराह करने वाला: गोलू सोनी
अगर मध्य प्रदेश विकसित होता तो दो बार कर्ज क्यों लेती बीजेपी सरकार?
बैतूल। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को लेकर सेवादल बैतूल ब्लॉक अध्यक्ष गोलू सोनी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बजट पूरी तरह किसानों को गुमराह करने वाला है। सरकार एक ऐसी योजना लेकर आई है, जिसमें किसानों को 5रु में कनेक्शन देकर बाद में हजारों लाखों रुपए वसूलने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने इसे रिलायंस कंपनी की शुरुआती रणनीति से जोड़ा, जब धीरूभाई अंबानी की कंपनी ने फ्री में सिम बांटे थे, फिर 20-25 में बेचे और बाद में रिचार्ज महंगा कर दिया।
गोलू सोनी ने कहा कि पहले 299 में तीन महीने का रिचार्ज होता था, लेकिन अब इसके लिए 1000 तक चुकाने पड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों से भी यही करने वाली है। जब वे महंगी दरों पर बिजली का भुगतान नहीं कर पाएंगे, तो उनके घर का सामान कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।
गोलू सोनी ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मध्य प्रदेश भारत का सबसे विकसित राज्य है। गोलू सोनी ने तंज कसते हुए कहा कि अगर यह सच होता तो भाजपा सरकार को दो बार कर्ज लेने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के नागरिकों को मजदूरी करने दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़ता अगर यहां वाकई विकास हुआ होता।
– हर विभाग में सबसे ज्यादा टैक्स, फिर भी मध्य प्रदेश कर्जदार
उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश पूरे देश में सबसे ज्यादा टैक्स देने वाला प्रदेश है, फिर भी यहां सबसे अधिक कर्ज है। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आखिर सरकार जनता से वसूले गए टैक्स का सही उपयोग क्यों नहीं कर रही? प्रदेश के किसान, मजदूर और व्यापारी महंगाई की मार झेल रहे हैं, लेकिन सरकार सिर्फ झूठे दावे कर रही है।
गोलू सोनी ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह बजट सिर्फ जनता को लुभाने के लिए बनाया गया है, लेकिन इसकी असली सच्चाई कुछ और ही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने किसानों के साथ छलावा किया तो सेवादल सड़कों पर उतरकर विरोध करेगा।