बैतूल के भावेश धोटे जूनियर नेशनल हॉकी टीम में चयनित, अब कोयंबतूर में दिखाएंगे दम

बैतूल। जिले के युवा हॉकी खिलाड़ी भावेश धोटे का चयन हॉकी मध्यप्रदेश की जूनियर नेशनल मेंस टीम में हुआ है। अब वे 23 जुलाई से भोपाल में शुरू होने वाले राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे और इसके बाद मध्यप्रदेश टीम के साथ जूनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

हॉकी बैतूल के सचिव एवं हॉकी मध्यप्रदेश के संयुक्त सचिव जगेंद्र तोमर ने बताया कि हॉकी मध्यप्रदेश की टीम 28 जुलाई को तमिलनाडु के कोयंबतूर के लिए रवाना होगी, जहां जूनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। भावेश धोटे का चयन बैतूल के हॉकी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।

भावेश के चयन पर हॉकी बैतूल के अध्यक्ष अक्षय वर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की। वहीं हॉकी बैतूल के पदाधिकारियों, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों तथा हॉकी प्रेमियों ने भी खुशी जताते हुए भावेश को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी पूजा कुरील, विभास पांडेय, देवेंद्र पाटिल, शैलेश अजैब, सुधीर जैन, धर्मेंद्र गोठी, जगदीप वर्मा, रमेश भाटिया और संतोष राज सिंह सहित खेल प्रेमियों ने भावेश धोटे को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button