रिश्तेदारों ने युवक के नाम पर फर्जी लोन लेकर खरीदी कार, किस्तों के दबाव में पुलिस तक पहुंचा मामला।
गवाह बनाकर करवा दिया लोन, वाहन खुद रखा, पीड़ित पर किस्तों का दबाव। चाचा और चचेरे भाई-बहन पर फर्जीवाड़े का आरोप, युवक बोला- आत्महत्या के लिए उकसाया।

बैतूल। आमला थाना क्षेत्र के छिपन्या पिपरिया निवासी 24 वर्षीय युवक गुनाराम यादव ने अपने ही रिश्तेदारों पर गंभीर धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए थाना बोरदेही में शिकायत दर्ज कराई है। युवक का आरोप है कि उसके चाचा धनराज, चचेरा भाई हरिराम और चचेरी बहन ने मिलकर उसके नाम पर महिन्द्रा एक्सयूवी 500 वाहन का फायनेंस करवा लिया और वाहन स्वयं के पास रखकर उपयोग कर रहे हैं।
शिकायत के अनुसार हरिराम उर्फ पवन, बैतूल में एक फायनेंस कंपनी में कार्य करता था, 14 अगस्त 2021 को गांव पहुंचा और गवाह के नाम पर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। बाद में उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर युवक के नाम से फर्जी तरीके से वाहन का लोन पास करवा लिया गया। इस पूरे मामले की जानकारी गुनाराम को तब लगी जब वर्ष 2023 में फायनेंस कंपनी के कर्मचारी उसके घर किस्त वसूलने पहुंचे।
पीड़ित का कहना है कि पूछताछ करने पर हरिराम उर्फ पवन ने एक अन्य वाहन का भी उसके नाम पर फायनेंस कराने की बात स्वीकार की और जल्द ही लोन चुकाने व वाहन अपने नाम ट्रांसफर कराने का आश्वासन दिया। इस भरोसे पर युवक शांत रहा, लेकिन समय बीतने के बाद भी न तो लोन चुकाया गया और न ही कोई कार्रवाई की गई, जिससे फायनेंस कंपनी का दबाव लगातार बढ़ता गया।
गुनाराम ने बताया कि इस संबंध में जब उसने धनराज और जया को अवगत कराया तो उन्होंने भी सामाजिक बैठकों में लोन चुकाने और वाहन बेचने का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। उल्टा दोषियों द्वारा उसे आत्महत्या करने के लिए उकसाया जा रहा है, ताकि लोन की जिम्मेदारी से बचा जा सके।
लगातार बढ़ते आर्थिक और मानसिक दबाव के बीच युवक ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




