कुकरु की वादियों में मुख्यमंत्री ने किया योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का दिया संदेश।

बैतूल। जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरु में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आयुष विभाग द्वारा आयोजित विशेष योग सत्र में भाग लेकर प्रदेशवासियों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया। प्राकृतिक वादियों के बीच आयोजित इस योगाभ्यास में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योगासनों का सहज और पारंगत प्रदर्शन कर नियमित योग के प्रति जनसामान्य को प्रेरित किया।

कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी, बैतूल के आदेश तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर के निर्देशन में मुख्यमंत्री के 27 और 28 जून के कुकरु प्रवास के दौरान योग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य मंगल सिंह धुर्वे, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, वन मंडल अधिकारी लक्ष्मीकांत वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

योग सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वक्रासन और भुजंगासन के साथ मयूरासन एवं शीर्षासन जैसे कठिन आसनों का भी सहजता से प्रदर्शन किया। उनके योगाभ्यास ने उपस्थित लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. मनक धुर्वे, डॉ. रवि चौकीकर, डॉ. अजय मांडवे, डॉ. सरिता डेहरिया (नोडल अधिकारी), डॉ. पुनीत डोंगरे (सहायक नोडल अधिकारी), डॉ. प्रमोद बारस्कर सहित कुल 14 कर्मचारियों ने ड्यूटी निभाई। योगाभ्यास का प्रदर्शन योग शिक्षक सतीश शैलू, पारुल पालीवाल, सागर शिवनकर, गीता पवार और जयशंकर कनाठे ने कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने वाली जीवन पद्धति है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करें, जिससे कार्य क्षमता बढ़े और स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button