निःशुल्क पंचकर्म शिविर में अब तक 909 मरीजों ने लिया उपचार।
पंचकर्म के प्रति बढ़ा भरोसा, पुरानी बीमारियों के लिए मरीजों ने लिया परामर्श।

बैतूल। आमजन के बेहतर स्वास्थ्य और आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय परिसर स्थित आयुष विंग में आयोजित निःशुल्क पंचकर्म चिकित्सा शिविर को जनता का जबरदस्त प्रतिसाद मिला है। शिविर में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे और विभिन्न बीमारियों के लिए परामर्श के साथ उपचार भी प्राप्त किया। इस सफल शिविर के माध्यम से अब तक कुल 909 मरीजों को निःशुल्क उपचार का लाभ मिल चुका है।
शिविर का आयोजन जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर योगेश चौकीकर के निर्देशन में किया गया। शिविर के संचालन के लिए अनुभवी डॉक्टरों और आयुर्वेद विशेषज्ञों की टीम तैनात की गई थी। शिविर के नोडल अधिकारी विशेषज्ञ आयुर्वेद डॉक्टर प्रियंका उइके तथा सहायक नोडल अधिकारी डॉक्टर सरिता डहेरिया के मार्गदर्शन में विभाग के सभी कर्मचारियों ने मरीजों का उपचार सुनिश्चित किया।
शिविर के दौरान पंचकर्म चिकित्सा के प्रति लोगों का विशेष रुझान देखने को मिला। मरीजों ने सामान्य बीमारियों के लिए परामर्श लिया। साथ ही पंचकर्म जैसी प्राचीन और प्रभावशाली चिकित्सा पद्धति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञ आयुर्वेद डॉक्टर प्रियंका उइके ने बताया कि पंचकर्म के माध्यम से शरीर का शुद्धिकरण होता है और यह पुरानी तथा जटिल बीमारियों को जड़ से समाप्त करने में सहायक होता है। आयुष विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे निःशुल्क शिविर आयोजित किए जाते हैं ताकि समाज के हर वर्ग तक आयुर्वेद और पंचकर्म चिकित्सा का लाभ पहुंच सके। इस शिविर को मिले जबरदस्त प्रतिसाद से विभाग की पहल को बड़ी सफलता मिली है और बड़ी संख्या में मरीजों को राहत मिली है।




