विद्युत पेंशनर्स हितरक्षक संघ की बैठक में ग्रेज्युटी और चिकित्सा बीमा योजना पर हुई चर्चा।
प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्देशानुसार आगे होगी कार्रवाई, 70 पेंशनरों ने दर्ज कराई उपस्थिति।

बैतूल। विद्युत पेन्शनर्स हित रक्षक संघ जिला शाखा बैतूल की मासिक बैठक 07 मार्च को लिंक रोड टिकारी बैतूल में आयोजित की गई, जिसमें पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके निराकरण के प्रयास किए गए। संघ के अध्यक्ष रेवाराम वराठे ने बताया कि बैठक में ग्रेज्युटी की 25 लाख रुपये की सीमा के दायरे में आने वाले 9 पेंशनरों द्वारा सहमति व्यक्त की गई है, जिस पर प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में लगभग 70 पेंशनरों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और पेंशन से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान पेंशनरों को कैशलेस चिकित्सा बीमा योजना की जानकारी भी दी गई, ताकि वे स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का लाभ ले सकें। बैठक में पेंशनरों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी चर्चा की गई। बैठक में वरिष्ठ एवं विगत माह सेवानिवृत हुए पेंशनरों का सम्मान किया गया।





