स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार की आधारशिला: डॉ.योगेश चौकीकर।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला मुख्यालय में गरिमामय आयोजन। महिला स्वास्थ्य और सशक्तिकरण पर आयुष विभाग की पहल।

बैतूल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा जिला मुख्यालय में महिलाओं के स्वास्थ्य, सशक्तिकरण और समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में आयुष विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने महिलाओं को योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व की जानकारी दी। जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर योगेश चौकीकर ने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और समाज की आधारशिला होती है।
इस अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य परामर्श शिविर आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें दैनिक जीवन में अपनाए जाने वाले सरल योगाभ्यास और संतुलित आहार संबंधी सुझाव दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान महिला कर्मचारियों का सम्मान कर उनके कार्यों की सराहना की गई। महिला दिवस को महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के प्रति सतत प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।




