सागवानी रोपणी में लाखों के भ्रष्टाचार का आरोप ।
पीसीसीएफ शुभरंजन सेन के बैतूल दौरे पर भाजयुमो नेता दिनेश यादव ने की शिकायत, जांच की मांग।

बैतूल। पीसीसीएफ एवं वन बल प्रमुख शुभरंजन सेन के बैतूल प्रवास के दौरान भाजयुमो नेता दिनेश यादव ने सागवानी रोपणी और दक्षिण वन मंडल में कथित अनियमितताओं व भ्रष्टाचार की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सागवानी रोपणी में पॉलिथिन भराई कार्य के दौरान गोबर खाद और कीटनाशकों का उपयोग नहीं किया गया तथा बिना मिट्टी परीक्षण और बिना छानकर मिट्टी भर दी गई। पानी की सिंचाई के लिए नए बोरवेल का निर्माण कराया गया, जबकि संबंधित क्षेत्र में पहले से दो चालू बोरवेल और एक कुआं उपलब्ध था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि नए बोरवेल में पानी नहीं निकलने के बावजूद मोटर, पाइप, स्टार्टर और वायर जैसी सामग्री की खरीद दिखाकर राशि खर्च कर दी गई।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि भवन मरम्मत कार्य की राशि का गबन किया गया। नवंबर 2025 में आयोजित कार्यशाला में भोजन निर्माण का कार्य सुरक्षा कर्मियों से कराकर फर्जी बिलों के माध्यम से भुगतान परिचित खातों में कराया गया। सागौन बीज संग्रहण, सागौन रूट-शूट खुदाई तथा सागौन बेड निर्माण कार्यों में भी फर्जी प्रमाणक और बिलों के जरिए राशि आहरित करने के आरोप लगाए गए हैं।
दिनेश यादव ने शिकायत में बाल मजदूरों से काम कराए जाने का भी आरोप लगाया है और दावा किया है कि इसके वीडियो फुटेज उनके पास सुरक्षित हैं। मई 2026 में पॉलिथिन बैग में बांस बीज बुवाई को भी नियम विरुद्ध बताया गया है। शिकायत में कहा गया है कि रोपणी में पौधों की संख्या संबंधी जानकारी वास्तविकता से भिन्न दी जा रही है तथा पौध रखरखाव, शिफ्टिंग, निंदाई और सिंचाई के नाम पर लाखों रुपए के फर्जी भुगतान किए गए।
शिकायत में दक्षिण वन मंडल के कर्मचारी तारेंद्र बचले पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कहा गया है कि वे लंबे समय से एक ही शाखा में पदस्थ हैं तथा कर्मचारियों के समयमान वेतनमान और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण तैयार करने के बदले अनुचित राशि की मांग करते हैं।
शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




