15 फरवरी को बैतूल में निकलेगी देवाधिदेव भोलेनाथ की दिव्य बारात

बैतूल। महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर बैतूल नगर में भव्य शिव बारात महोत्सव का आयोजन इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के साथ किया जा रहा है। श्री शंभू भोले सेवा उत्सव समिति, बैतूल के तत्वावधान में आयोजित यह आयोजन अपने सातवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। समिति के अक्षय तातेड़ ने बताया कि देवाधिदेव भोलेनाथ की भव्य बारात 15 फरवरी रविवार को दोपहर 4 बजे से निकाली जाएगी।

भव्य शिव बारात का शुभारंभ महाकाल मंदिर से होगा। इसके बाद बारात मरही माता मंदिर, लल्ली चौक, अखाड़ा चौक होते हुए नगर भ्रमण करेगी और अंत में पुनः महाकाल मंदिर में समापन होगा। समिति द्वारा नगरवासियों से वैवाहिक मंगलोत्सव के प्रत्येक कार्यक्रम में सपरिवार उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है।

– शिव बारात में दिखेगी कोरकू लोकसंस्कृति की अनूठी छटा

शिव बारात में इस बार कोरकू संस्कृति समिति का पारंपरिक लोकनृत्य विशेष आकर्षण रहेगा। राज्यपाल से सम्मानित यह दल अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय मंचों पर मध्यप्रदेश और बैतूल का नाम रोशन कर चुका है। ढोल, बांसुरी और पारंपरिक वेशभूषा के साथ कोरकू समुदाय का गदली-सुसुन नृत्य शिव बारात में शामिल होकर धार्मिक उल्लास के साथ लोकसंस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत करेगा।

– सात दिवसीय विवाह उत्सव में होंगी शिव विवाह की परंपरागत रस्में

समिति के तथागत मिश्रा ने बताया शिव विवाह उत्सव के अंतर्गत विभिन्न तीर्थों के नाम पर पारंपरिक रस्मों का आयोजन किया जा रहा है। सोमनाथ की सगाई 8 फरवरी, रविवार को सायं 4 बजे होगी। ओंकारेश्वर का टीका 9 फरवरी 2026, सोमवार को सायं 7 बजे संपन्न होगा।

इसी तरह केदारनाथ की खनमिट्टी 10 फरवरी 2026, मंगलवार को सायं 4 बजे होगी। भीमाशंकर का मंडप 11 फरवरी, बुधवार को प्रातः 11 बजे सजाया जाएगा। काशी विश्वनाथ की हल्दी 12 फरवरी, गुरुवार को दोपहर 1 बजे तथा त्र्यंबकेश्वर की मेहंदी 13 फरवरी, शुक्रवार को रात्रि 8 बजे आयोजित होगी।

– थाना महाकाल चौक से निकलेगी महाकाल की भव्य शिव बारात

रामेश्वरम् का संगीत 14 फरवरी, शनिवार को रात्रि 8 बजे होगा। इसके पश्चात 15 फरवरी, रविवार को दोपहर 3 बजे महाकाल की भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। आयोजन स्थल थाना महाकाल चौक, कोठी बाजार, बैतूल रहेगा। समिति ने इस अविस्मरणीय आयोजन में सहयोग के लिए सभी श्रद्धालुओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button