CM In Betul: मुख्यमंत्री आएंगे बैतूल, बारव्ही गांव में विकास यात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे
19 फरवरी को आएंगे

बैतूल। प्रदेश में आयोजित की जा रही विकास यात्रा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हो रहे हैं। बैतूल जिले की बैतूल विधानसभा क्षेत्र के बारव्ही गांव में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर प्रशासन भी तैयारी में जुट गया है।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम 19 फरवरी को तय हुआ है। वे बारव्ही गांव में हाई स्कूल के पास विकास यात्रा को लेकर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और सभा को संबोधित भी करेंगे। कार्यक्रम स्थल के पास कुछ खेतों में फसल की कटाई कराई जा रही है ताकि वाहनों की पार्किंग और अन्य व्यवस्थाएं की जा सकें। हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री का कार्यक्रम अधिकृत रूप से तय होने की जानकारी नहीं है।
प्रशासन को प्रदेश स्तर से जो निर्देश मिले हैं उसके अनुसार तैयारी की जा रही हैं। दरअसल मुख्यमंत्री विकास यात्रा को लेकर उन विधानसभा क्षेत्र में जा रहे हैं जहां पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। बैतूल विधानसभा के बारव्ही गांव का चयन करने के पीछे बैतूल के साथ मुलताई विधानसभा क्षेत्र को भी प्रभावित करने की मंशा है। इतना ही नही दोनों विधानसभा क्षेत्र में चुनावों में परिणाम को प्रभावित करने की ताकत रखने वाले समाज को भी साधने का प्रयास किया जा रहा है।




