सड़क चौड़ीकरण को लेकर कांग्रेस नेता और बीजेपी नेता आमने-सामने, नगर परिषद में हुई तीखी बहस

चिचोली। नगर के जय स्तंभ चौक से भोले चौक तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण को लेकर बुधवार को नगर परिषद कार्यालय में उस समय माहौल गर्मा गया, जब दुकानदारों के मुद्दे पर कांग्रेस नेता हर्ष भुसारी और भाजपा पार्षद बाली मालवीय आमने-सामने आ गए।
कायाकल्प योजना के अंतर्गत चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर उत्पन्न स्थिति के बीच कांग्रेस नेता हर्ष भुसारी मौके पर पहुंचे और सीएमओ से चर्चा कर स्थिति स्पष्ट होने तक कार्य रुकवाया। इसके बाद सीएमओ द्वारा हर्ष भुसारी एवं संबंधित दुकानदारों को नगर परिषद कार्यालय बुलाकर चर्चा की गई। इसी दौरान भाजपा पार्षद बाली मालवीय नगर परिषद पहुंचे और काम रुकने को लेकर नाराज़गी जताते हुए कहा कि जिसने काम रुकवाया है, उस पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
इस पर कांग्रेस नेता हर्ष भुसारी ने जवाब देते हुए कहा काम मैंने ही रुकवाया है। आप मुझ पर एफआईआर कीजिए। दोनों नेताओं के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए सीएमओ ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के साथ संबंधित दुकानदारों को बैठाकर चर्चा कराई।
बैठक के दौरान भाजपा पार्षद ने कहा कि मेन रोड से रोज़ बड़े-बड़े ट्रक-ट्राले और गन्ने की ट्रॉलियां गुजर रही हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और सुरक्षा की समस्या बनी रहती है। कांग्रेस नेता हर्ष भुसारी ने कहा बड़ी गाड़ियों के लिए अलग से व्यवस्था की जानी चाहिए। मेन रोड से भारी वाहन न निकालकर वैकल्पिक मार्ग से ट्रक-ट्रॉला और गन्ना ट्रॉली का संचालन कराया जाए।
बैठक के अंत में हर्ष भुसारी ने स्पष्ट किया कि यदि जनता से सम्मानपूर्वक संवाद किया जाएगा और किसी भी दुकानदार को व्यक्तिगत नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा, तो वे पूरा सहयोग करेंगे। इस पर भाजपा पार्षद ने सहमति जताई।
बैठक के पश्चात कांग्रेस नेता हर्ष भुसारी द्वारा भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से संचालित करने की मांग को लेकर सीएमओ को ज्ञापन सौंपा गया।
जिसमे पूर्व पार्षद रुपेश आर्य एवं विकास आर्य मौजद रहे। घटना के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।




