कोराबन में सरकारी भूमि पर कब्जा 

ग्रामीणों ने जनपद सीईओ को सौंपा ज्ञापन

स्कूल-आंगनबाड़ी की जमीन पर मकान और फसलें, पटवारी-सचिव पर गंभीर आरोप

बैतूल। ग्राम कोराबन पोस्ट सिल्लौट के ग्रामीणों ने सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग को लेकर सरपंच और पंचों के नेतृत्व में जनपद पंचायत बैतूल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि सुंदरलाल द्वारा अपनी भूमि खसरा नंबर 503 और 507 का रकबा सरकारी स्कूल और आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए दिया गया था, लेकिन इस जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से मकान निर्माण किया जा रहा है और कुछ लोग फसलें बो रहे हैं। गांववालों का कहना है कि सरकारी भूमि पर लगातार बेखौफ तरीके से अवैध गतिविधियां चल रही हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मामले की कई बार शिकायत करने के बावजूद पटवारी और सचिव ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों ने कहा कि जब भी पटवारी को बुलाया गया, उसने पैसे लेकर इस भूमि का नक्शा गलत तरीके से दर्शाया और अवैध कब्जाधारियों का साथ दिया। जब ग्रामीण अवैध कार्य पर रोक लगाने की बात करते हैं तो कब्जाधारी खुलेआम कहते हैं कि पटवारी ने ही कहा है, इसलिए वे उसी के दम पर सरकारी जमीन पर कब्जा जमाए बैठे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पटवारी और सचिव दोनों ही पैसे लेकर फसलें लगवाने और अवैध कार्य करवाने में शामिल हैं।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाए कि पंचायत सचिव और सहायक सचिव के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें हैं। तीन साल से डैम में पटिया नहीं लगाई गई है, शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे हो रहे हैं, पंचायत में दोनों अधिकारी अक्सर अनुपस्थित रहते हैं और कोई भी काम करवाने जाओ तो रिश्वत मांगी जाती है। सहायक सचिव पर निजी काम करवाने और पंचायत में मजदूरी बिल लगाकर भुगतान लेने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि सहायक सचिव अक्सर मदिरापान कर पंचायत कार्यालय आता है और यदि कोई काम कहो तो फर्जी नोटिस भेज देता है। पंचायत में किसी भी प्रकार का कार्य ठीक से नहीं किया जाता।

ग्रामीणों ने मांग की है कि सरकारी भूमि से अवैध कब्जा तुरंत हटाया जाए तथा सचिव और सहायक सचिव को तत्काल हटाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button