आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने गांव-गांव में चलाया जा रहा जनजागरूकता अभियान।
बाढ़, भूकंप और आगजनी से बचाव के लिए दिया जा रहा प्रशिक्षण।

बैतूल। जन सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए सतपुड़ा जन जागृति समिति द्वारा जिले में आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जनजागरूकता कार्यक्रम, जन संवाद और समितियों के गठन का अभियान चलाया जा रहा है। समिति की टीम लीडर भाग्यश्री तालमपुरिया ने बताया कि इसी क्रम में बेसिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित कर ग्रामीणों को विभिन्न आपदाओं से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान समिति सदस्यों ने आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के महत्व पर जोर देते हुए बाढ़, भूकंप, आगजनी, भवन ढहने तथा अन्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से बचाव की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। साथ ही आपदा प्रभावित क्षेत्रों में समितियों का गठन कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
प्रशिक्षण सत्र में बताया गया कि आपदा के दौरान समय पर लिया गया सही निर्णय कई लोगों की जान बचा सकता है। इसके लिए शारीरिक दक्षता के साथ तकनीकी ज्ञान और नेतृत्व क्षमता का विकास भी आवश्यक है। प्रशिक्षणार्थियों ने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण ही एक कुशल और जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान है। उन्होंने विश्वास जताया कि जन संवाद कार्यक्रमों और गठित समितियों की सक्रियता से भविष्य में बैतूल जिले की आपदा प्रबंधन व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी।
कार्यक्रम के आयोजन और जनजागरूकता अभियान में सतपुड़ा जन जागृति समिति की टीम सदस्य भाग्यश्री नामदेव और छाया प्रजापति सक्रिय रूप से लोगों को जागरूक कर रही हैं।




