बैतूल की लाठी टीम राजस्थान में दिखाएगी परंपरागत खेल का दम
जय हनुमान व्यायाम शाला से अलवर के लिए निकली जिला लाठी संघ की 11 सदस्यीय टीम

बैतूल। पारंपरिक भारतीय खेल लाठी के क्षेत्र में बैतूल एक बार फिर अपने हुनर का लोहा मनवाने जा रहा है। जिला लाठी संघ बैतूल की 11 सदस्यीय टीम राजस्थान के अलवर में होने वाले ट्रेडिशनल लाठी स्पोर्ट्स चैम्पियन सीप प्रतियोगिता में हिस्सा लेने रवाना हुई। यह प्रतियोगिता 14 से 15 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी, जिसमें साउथ एशियन ट्रेडिशनल लाठी चैंपियन सीप के लिए टीम इंडिया का चयन किया जाएगा।
इंडिया टीम कोच विनोद बुंदेले ने बताया कि बैतूल टीम के सभी खिलाड़ी 1 लाठी, 2 लाठी और लाठी प्रहार इवेंट में हिस्सा लेंगे। टीम के खिलाड़ियों में बालक वर्ग से यश सावनेर, हर्षित डहेरिया, पीयूष कुम्भारे, प्रमोद (मोनू) यादव और मनन यादव शामिल हैं, वहीं बालिका वर्ग से वंशिका बुंदेले, सुरेखा पंडाग्रे, निरल चढ़ोकार और सिद्धि प्रजापति हिस्सा लेंगी।
खिलाड़ियों को रवाना करने के अवसर पर जय हनुमान व्यायाम शाला गंज में एक भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला लाठी संघ के सचिव नरेंद्र शर्मा, व्यायाम शाला सचिव नरेश शर्मा, खलीफा पूरण लाल रायपुरे, कोच दीपक डहेरिया, वरिष्ठ खिलाड़ी रमेश भाटिया, व्यायाम शाला के व्यवस्थापक रवि मिश्रा, लाठी संघ के उपाध्यक्ष गौरव राठौर, विवेक मालवी, अतीक पवार, श्री देवी सिंह ठाकुर, सचिन गोर और प्रकाश यादव, गणेश गायकवाड़ उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देकर उन्हें देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
अलवर में होने वाली यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता बैतूल के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा अवसर है, जहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को टीम इंडिया में शामिल किया जाएगा। नगर के नागरिकों और खेल प्रेमियों ने पूरी टीम को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके विजयी होने की कामना की।




