प्रतिस्पर्धा की दौड़ में खोते मानसिक संतुलन: एक अदृश्य संकट

लेखक: विनय गंगारे, मनोवैज्ञानिक

आज की दुनिया में सफलता एकमात्र लक्ष्य बन चुकी है, और वह भी ऐसी सफलता जो दूसरे की तुलना में ऊपर हो। यह सामाजिक प्रतिस्पर्धा अब केवल परीक्षा कक्षों और साक्षात्कारों तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह युवा मन के भीतर एक अदृश्य युद्ध का रूप ले चुकी है – जहां शांति, आत्म-मूल्य और मानसिक संतुलन निरंतर पराजित होते जा रहे हैं।

हम एक ऐसे दौर में जी रहे हैं जहाँ “कामयाबी” की परिभाषा सिर्फ परिणाम से तय होती है – कितने नंबर आए, कौन सी नौकरी लगी, कितना पैकेज मिला। इस सोच ने युवाओं की मानसिक संरचना को भीतर से तोड़ना शुरू कर दिया है। लगातार तुलना, अपेक्षाएँ, अस्थिरता और अनिश्चितता के बीच युवा अपनी पहचान तक भूलने लगे हैं।

क्लिनिकल अनुभव यह दर्शाते हैं कि अधिकांश युवा अवसाद, घबराहट, आत्म-संदेह और आत्महत्या की प्रवृत्तियों से जूझ रहे हैं, पर समाज उन्हें सिर्फ ‘कमज़ोर’ समझता है।

मानसिक समस्याएं दिखती नहीं, इसलिए अनदेखी होती हैं

एक बुखार या फ्रैक्चर के लिए तुरंत इलाज की सोच रखने वाला समाज, जब कोई कहता है – “मुझे चिंता या घबराहट होती है”, तो उसे या तो नज़रअंदाज़ करता है या उसे “बहाना” मानता है। यह सोच ही सबसे बड़ा संकट है।

मनोवैज्ञानिक शोध यह सिद्ध कर चुके हैं कि लगातार तनाव और दबाव मस्तिष्क में न्यूरोकैमिकल असंतुलन पैदा करते हैं, जिससे व्यक्ति निर्णय लेने की क्षमता, भावनात्मक संतुलन और कार्यक्षमता खोने लगता है।

क्या युवा तैयार हैं मानसिक दबावों के लिए?

हर साल लाखों छात्र UPSC, NEET, JEE, CAT,SSC जैसी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। लेकिन क्या उनमें से कोई भी यह जानता है कि अगर वो चयनित नहीं हुए तो खुद को मानसिक रूप से कैसे संभालेंगे?

दुखद यह है कि हमें ‘कैसे सफल हों’ की तो ट्रेनिंग मिलती है, पर ‘कैसे असफलता को झेलें’ – इसकी कोई कक्षा नहीं होती।

मन की बातों पर पर्दा क्यों?

“क्या कहेंगे लोग?”

“तू तो पागल नहीं लग रहा!”

“थोड़ा पॉज़िटिव सोचो ना!”

इन जैसी बातें मानसिक समस्याओं को हल नहीं करतीं, बल्कि उन्हें और जड़ बना देती हैं। आज ज़रूरत है इस चुप्पी को तोड़ने की – क्योंकि मन की पीड़ा अगर शब्दों में न निकली, तो आत्मा की खामोशी बन जाती है।

समाधान की दिशा में एक मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण

1. मानसिक स्वास्थ्य को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाए – विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में ‘इमोशनल फर्स्ट एड’, ‘तनाव प्रबंधन’ और ‘स्व-स्वीकृति’ जैसे विषय सिखाए जाने चाहिए।

2. खुले संवाद को बढ़ावा दें – परिवार और शैक्षणिक संस्थान छात्रों से केवल परिणाम नहीं, उनकी मनःस्थिति के बारे में भी पूछें। “तुम्हारा दिन कैसा रहा?” यह प्रश्न “कितने नंबर आए?” से अधिक ज़रूरी है।

3. मनोवैज्ञानिक सहायता को सामान्य बनाएँ – जिस तरह हम खांसी-बुखार के लिए डॉक्टर के पास जाते हैं, वैसे ही मानसिक असंतुलन के लिए मनोचिकित्सक या परामर्शदाता के पास जाना सामान्य होना चाहिए। इससे कोई शर्म नहीं होनी चाहिए – यह परिपक्वता की निशानी है।

4. मीडिया और सोशल प्लेटफॉर्म की ज़िम्मेदारी – फिल्में, सीरीज़ और सोशल मीडिया को मानसिक स्वास्थ्य को रोमांटिक या सनसनीखेज़ न दिखाकर, यथार्थ रूप में प्रस्तुत करना चाहिए ताकि समाज की सोच बदले।

प्रतिस्पर्धा जीवन का हिस्सा है, लेकिन अगर वह जीवन को ही खा जाए तो यह जीत नहीं, आत्म-विनाश है। मानसिक स्वास्थ्य आज की सबसे बड़ी अदृश्य महामारी है, और इसे नज़रअंदाज़ करना एक सामाजिक अपराध के बराबर है।

यह लेख एक दस्तक है – समाज, माता-पिता, शिक्षक, नीति-निर्माता और स्वयं युवाओं के अंतर्मन तक।

क्योंकि अगर मन ही नहीं बचेगा, तो लक्ष्य की प्राप्ति भी अर्थहीन होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button