Police Legend’s smashing win: तूफानी बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी के बीच चरम पर पहुंचा रोमांच
पुलिस लीजेंड की धमाकेदार जीत, अक्षत रघुवंशी ने ठोके तूफानी 150 रन

बैतूल। लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में कल 4 जनवरी को खेले गए क्रिकेट टूर्नामेंट में तूफानी बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी के बीच दर्शकों का रोमांच चरम पर पहुंच गया। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में पुलिस लीजेंड और एलबीएस के बीच धमाकेदार मुकाबला हुआ। पुलिस लीजेंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में विशाल 236 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। टीम के स्टार बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी ने तूफानी पारी खेलते हुए मात्र 48 गेंदों में 150 रन बनाए। उनके साथ राहुल चंद्रोल ने भी 38 रन बनाकर नाबाद रहे।
एलबीएस की ओर से पुलकित ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि नवीन, यशवीर, आयुष और मोहित ने 1-1 विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलबीएस की टीम दबाव में बिखर गई और मात्र 55 रनों पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से शाश्वत ने सबसे ज्यादा 19 रन बनाए। पुलिस लीजेंड के गेंदबाज आकाश राजावत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए अक्षत रघुवंशी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें रघुवंशी स्पोर्ट्स के संचालक अखिलेश रघुवंशी ने ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया। पुलिस लीजेंड ने यह मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल बैतूल एकेडमी और अलीशा क्लब जम्मू कश्मीर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अलीशा क्लब ने 20 ओवर में 171 रन बनाए। टीम के प्रशांत ने 36, सोनू ने 38 और बासित ने 36 रनों का योगदान दिया। बैतूल एकेडमी की ओर से अजय मिश्रा और शैलेंद्र ने 2-2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बैतूल एकेडमी की टीम रोमांचक संघर्ष के बाद 146 रनों पर ऑल आउट हो गई। टीम के उपदेश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 57 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके। अलीशा क्लब के गेंदबाज दीनू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए, जबकि रिलेश, सतीश और बिलाल ने 2-2 विकेट लिए। शानदार गेंदबाजी के लिए दीनू को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस जीत के साथ अलीशा क्लब जम्मू कश्मीर ने फाइनल में जगह बना ली है।
टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल आज
टूर्नामेंट के अध्यक्ष रानू वर्मा ने बताया कि आज रविवार दोपहर 12 बजे दूसरा सेमीफाइनल नागपुर स्टार और पुलिस लीजेंड के बीच खेला जाएगा। जो भी टीम इस मुकाबले को जीतेगी, वह 6 जनवरी को फाइनल में अलीशा क्लब जम्मू कश्मीर के खिलाफ भिड़ेगी।




