Geeta Leadership Contest: गीता लीडरशिप कॉन्टेस्ट में बैतूल के 4 विद्यार्थियों का राज्य स्तर के लिए चयन
आज 8 दिसंबर को होगी राज्य स्तर की परीक्षा

बैतूल। जिले के 4 विद्यार्थियों ने गीता लीडरशिप कॉन्टेस्ट में राज्य स्तर के लिए चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग और इस्कॉन उज्जैन द्वारा किया गया, आज 8 दिसंबर को होगी राज्य स्तर की परीक्षा ऑनलाइन दोपहर 3 बजे से आयोजित की जाएगी। जहां प्रथम स्थान पर आने वाले विद्यार्थी को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर आने वाले को 51 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर आने वाले को 21 हजार रुपये का पुरस्कार मुख्यमंत्री द्वारा दिया जाएगा। विजेताओं को उज्जैन दर्शन का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।
जिला स्तरीय नोडल प्रभारी महेश गुंजेले ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्थायी नैतिक मूल्यों का विकास करना, चरित्र निर्माण को बढ़ावा देना और युवाओं को व्यसनों के खतरों के प्रति जागरूक करना है। यह मूल्य शिक्षा प्रतियोगिता विद्यार्थियों के शैक्षिक पाठ्यक्रम में नैतिकता, सहानुभूति, और जिम्मेदारी जैसे गुण जोड़ने के लिए डिजाइन की गई है।
गीता लीडरशिप कॉन्टेस्ट के तहत 26 से 29 नवंबर तक कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी। बैतूल जिले से 43 हजार से अधिक छात्रों ने इस परीक्षा में भाग लिया, जो राज्य में सबसे अधिक है।
राज्य स्तर पर बैतूल जिले से चयनित विद्यार्थियों में सीएम राइज स्कूल बैतूल बाजार से 9वीं कक्षा के रुद्र पड्या, पीएम श्री हाईस्कूल भयावाड़ी शाहपुर से 10वीं कक्षा के अनमोल विश्वकर्मा, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैतूल से 11वीं कक्षा के मंत्र उदयपुरे, और पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुलताई से 12वीं कक्षा की प्रीति खंडाइत शामिल हैं।
महेश गुंजेले ने बताया कि यह प्रतियोगिता छात्रों में नैतिक मूल्यों और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए हर वर्ष आयोजित की जाएगी। भगवद गीता का ज्ञान हर मन में नई सोच पैदा करता है और जीवन को सकारात्मक दिशा देता है।




