Betul news: बैतूल के योग शिविर का आस्था चैनल पर होगा प्रसारण
13,14 और 15 दिसंबर को स्टेडियम में होगा योग-आरोग्य शिविर

बैतूल। योगऋषि स्वामी रामदेव के परम शिष्य और पतंजलि योग समिति के केंद्रीय प्रभारी स्वामी डॉक्टर परमार्थ देव जी आगामी 13, 14 और 15 दिसंबर को बैतूल पधार रहे हैं। वे यहां तीन दिवसीय निशुल्क योग-आरोग्य शिविर में योग साधकों के साथ योग करेंगे जिसका प्रसारण आस्था और संस्कार चैनल पर किया जाएगा।
इस संबंध में भारत स्वाभिमान न्यास के प्रांत प्रमुख करण सिंह पवार ने बताया कि आस्था और संस्कार चैनल के माध्यम से 175 से अधिक देशों में योग का संदेश प्रतिदिन पहुंचता है। इसी माध्यम से योगऋषि स्वामी रामदेव व आचार्य बालकृष्ण का योग और आरोग्य को लेकर संदेश प्रसारित होता है। इसी आस्था चैनल की टीम बैतूल आएगी और लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में होने वाले योग शिविर का प्रसारण देश-विदेश में किया जाएगा।
न्यास के राज्य प्रमुख करण सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि वह 13, 14 और 15 दिसंबर को बैतूल के स्टेडियम में होने वाले इस योग महाकुंभ में सुबह 6 बजे से शामिल हों। इसके बाद दिनभर होने वाले आरोग्य शिविर में भी शामिल होकर परिजनों और समाज के लोगों के साथ स्वास्थ्य लाभ अर्जित करें। यहां आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और पंचकर्म के अलावा एक्यूप्रेशर के माध्यम से लोगों का इलाज होगा वहीं प्रत्येक सुबह स्वामी परमार्थदेव के योग शिविर से आपके जीवन को एक नई दिशा मिलेगी। इसलिए समय से पूर्व उपस्थित हों। 13, 14 और 15 दिसंबर की तीन सुबह आपके जीवन में नया प्रकाश और परिवर्तन प्रदान करेंगी। सभी योग साधकों के लिए बहुत शानदार व्यवस्थाएं आयोजन समिति के व्दारा बैतूल में की जा रही हैं।




