Congress news: वाल्मीकि जयंती पर सफाई कर्मियों को अवकाश, जनप्रतिनिधि और अफसर करे सफाई: वागद्रे
सफाई कर्मियों के हित में जिला कांग्रेस कमेटी ने सफाई कामगारों के पक्ष में उठाई आवाज, सौंपा ज्ञापन

बैतूल। सफाई कर्मियों के हित में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागद्रे ने जिला प्रशासन से शासकीय अवकाश पर सफाई कर्मियों को कार्य से मुक्त रखने की अपील की है। वागद्रे ने कहा कि सफाई कर्मी 24 घंटे, सातों दिन अपनी सेवाएं देते हैं और तीज-त्योहार पर भी बिना रुके काम करते हैं। ऐसे में वाल्मीकि जयंती के दिन उन्हें छुट्टी देकर सम्मानित किया जाना चाहिए।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में जिन जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर में स्वच्छता की पाठशाला लगाई थी, वे इस दिन सफाई का कार्य संभालें। यह एक नया और समाज को प्रेरित करने वाला कदम होगा, जहां जनप्रतिनिधि और अधिकारी खुद अपने हाथों से सफाई करेंगे और समाज को स्वच्छता का सन्देश देंगे। कांग्रेस के नेतृत्व में सफाई कर्मियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर इस मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
सफाई कर्मियों को पूरा वेतन और मानदेय की मांग
ज्ञापन में वागद्रे ने कहा कि सफाई कर्मियों को वाल्मीकि जयंती के दिन छुट्टी दी जाए, उन्हें पूरा वेतन और मानदेय भी प्रदान किया जाए। उन्होंने साफ किया कि इस दिन शहर की सफाई का जिम्मा उन अधिकारियों और नेताओं पर हो, जिन्होंने हाल ही में स्कूलों में स्वच्छता का संदेश दिया था। वागद्रे ने इसे सामाजिक समरसता और सम्मान का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह नवाचार सफाई कर्मियों के लिए एक बड़ी राहत होगा।
पिछले पांच साल से सफाई कर्मियों का ईपीएफ नहीं हुआ जमा
ज्ञापन में सफाई कर्मियों से जुड़े कुछ अहम मुद्दे भी उठाए गए, जिसमें यह बताया गया कि बैतूल नगर पालिका के अंतर्गत कार्यरत सफाई कर्मियों का ईपीएफ पिछले पांच सालों से जमा नहीं किया गया है। इसके अलावा, उन्हें कलेक्टर रेट के अनुसार पारिश्रमिक भी नहीं मिल रहा है। वागद्रे ने मांग की कि कलेक्टर दर और वास्तविक पारिश्रमिक के बीच का अंतर ब्याज सहित सफाई कर्मियों को दिया जाए, ताकि उनके साथ हो रहे आर्थिक शोषण को रोका जा सके।
वाल्मीकि समाज के लिए मंदिर और मंगल भवन निर्माण की मांग
वागद्रे ने वाल्मीकि समाज के हित में भगवान वाल्मीकि का मंदिर और एक मंगल भवन बनाने की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा इसके लिए जमीन का आवंटन किया जाए ताकि समाज के लोग यहां अपने धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर सकें। ज्ञापन सौंपने वालों में सफाई कर्मियों के संगठन के प्रतिनिधि रितेश यादव सहित कई अन्य लोग भी शामिल थे।
समाज में नए नवाचार की शुरुआत
कांग्रेस जिला अध्यक्ष का कहना है इस पहल से सफाई कर्मियों को उनका अधिकार और सम्मान मिलेगा, यह एक सामाजिक समरसता का प्रतीक भी बनेगा, जहां उच्च पदस्थ अधिकारी और जनप्रतिनिधि खुद सफाई का काम करेंगे। यह समाज को एक सकारात्मक संदेश देगा और साथ ही सफाई कर्मियों की मेहनत को भी पहचान दिलाएगा।




