Double Murder: खेत की झोपड़ी में रहने वाले दो बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, जादू टोने के संदेह में हत्या का अंदेशा

Double Murder: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में चोपना थाना क्षेत्र के ग्राम नील गढ़ में जंगल में झोपड़ी बनाकर रह रहे दो बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। शुक्रवार को सूचना मिलने पर चोपना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बैतूल एसपी कमला जोशी भी मौके पर पहुंची। इस दौरान घटनास्थल तक पहुंचने में पुलिस को नदी पार करना पड़ा। वहीं एडिशनल एसपी कमला जोशी भी पुलिस कर्मियों के सहारे नदी पार कर घटनास्थल तक पहुंची। चोपना पुलिस ने शनिवार को घोड़ाडोंगरी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया।

चोपना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नीलगढ़ गांव के जंगल में झोपड़ी बनाकर रह रहे धन्नू धुर्वे 65 साल निवासी पुत्तीढाना एवं उसके समधी विस्सू परते 60 साल का शव झोपड़ी के पास मिला । दोनों की कुल्हाड़ी मारकर हत्या की गई । परिजन जादू टोने के शक में हत्या की आशंका जता रहे हैं।
सारनी एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने बताया कि दोनों बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या करना प्रतीत हो रहा है। परिजनों के बयान एवं ग्रामीणों से चर्चा के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।घोड़ाडोंगरी अस्पताल में तीन डॉक्टरों की टीम ने दोनों के शव का पोस्टमार्टम किया। घोड़ाडोंगरी बीएमओ डॉक्टर संजीव शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ही तीन डॉक्टरों की टीम जिसमें स्वयं बीएमओ डॉक्टर संजीव शर्मा, डॉक्टर मनीष दांगी, डॉक्टर सुरेंद्र धाकड़ को शामिल किया गया। तीनों डॉक्टर द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया वहीं तत्काल ही शॉर्ट पीएम रिपोर्ट पुलिस को सौप दी गई है। धारदार हथियार से दोनो की हत्या करना प्रतीत हो रहा है।
परिजनों का आरोपी जादू टोने के शव में की गई हत्या
मृतक धन्नू धुर्वे के बेटे अजय धुर्वे ने बताया के करीब चार महीने पहले गांव के ही एक व्यक्ति से विवाद हुआ था व्यक्ति द्वारा पिता पर जादू टोने का शक कर विवाद किया गया था। जादू टोने के शक में ही पिताजी की हत्या की गई है। क्योंकि मामा ससुर भी साथ में रहते थे। इसलिए उनकी भी हत्या कर दी गई है।




