Collector Action: बैतूल कलेक्टर ने दिए जिला अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश
शासकीय सेवकों को समयमान, क्रमोन्नति वेतनमान तथा एरियर संबंधी कोई प्रकरण लंबित नहीं होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत न करने पर कार्रवाई
Collector Action: बैतूल।कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सोमवार को अधिकारियों की बैठक लेकर समय सीमा संबंधी प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की।
इस दौरान शासकीय सेवकों को समयमान, क्रमोन्नति वेतनमान तथा एरियर संबंधी कोई प्रकरण लंबित नहीं होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत न करने पर सभी जिला अधिकारियों का सितंबर माह का वेतन रोकने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिला अधिकारियों के द्वारा प्रकरण लंबित रहने के कारण की जानकारी कोषालय को उपलब्ध नहीं कराए जाने पर नाराजगी जाहिर की।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में दर्ज लंबित शिकायतों का आगामी तीन दिनों में 80 प्रतिशत निराकरण किए जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सीएमओ और विभागीय अधिकारियों के आगामी त्योहारों के अवकाश पर प्रतिबंध लगाए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व, खनिज विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों करते हुए उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपने कार्यालय को स्वच्छ रखें तथा समय-समय निरीक्षण करें। इसके अलावा सभी विभाग प्रमुखों को वार्षिक कैलेंडर बनाए जाने के निर्देश दिए।
17 सितंबर को होगा स्वच्छता ही सेवा 2024 का शुभारंभ:
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षत जैन ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेस-2 अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा-2024 अभियान के संबंध में अधिकारियों के साथ चर्चा की। आगामी 17 सितंबर 2024 को स्वच्छता ही सेवा 2024 का शुभारंभ किया जाएगा, जिसमें सभी विभागों की भागीदारी रहेगी।
सभी विभागों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर 18 सितंबर पौधरोपण किए जाने के निर्देश दिये गये। इसके अलावा 19 सितंबर को सफाई मित्र सुरक्षा एवं कल्याण शिविर का आयोजन तथा 25 सितंबर को प्लास्टिक मुक्त ग्राम अभियान एवं सभी कार्यालयों को स्वच्छ तथा प्लास्टिक मुक्त बनाये जाने हेतु निर्देश दिए।





