Kangana Ranot : कंगना रनोट को किसान संघर्ष समिति ने भेजा अवमानना का नोटिस

आंदोलन करने वाले किसानों पर की टिप्पणी, सात दिन में किसानों से सार्वजनिक क्षमा याचना करें

Kangana Ranot NEWS : किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं मुलताई के पूर्व विधायक डा सुनीलम द्वारा भाजपा सांसद कंगना रनोट को किसान आंदोलन करने वाले किसानों के खिलाफ दिए गए बयान पर मानहानि का नोटिस भेजा है।नोटिस में एक सप्ताह में अपने बयान पर सार्वजनिक माफी मांगने के लिए कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर समिति के द्वारा उनके खिलाफ आपराधिक और सिविल मामला दायर किया जाएगा। नोटिस में कंगना रनोट से दो करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति की मांग भी की गई है।

किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष डा सुनीलम ने उच्च न्यायालय ग्वालियर के अधिवक्ता गुरुदत्त शर्मा, विश्वजीत रतौनिया एवं चैनसिंह राजपूत के माध्यम से भेजे नोटिस में कहा गया है कि आपके द्वारा यह बयान दिया गया कि किसान आंदोलन के दौरान उपद्रव, हिंसा, दुष्कर्म व हत्या हुई, कैसे प्रोटेस्ट के नाम पर हिंसा फैलाई गई, वहां पर रेप हो रहे थे, मारकर लाशों को लटकाया जा रहा था। आंदोलन करने वाले किसानों को विदेशी ताकतों का नुमाइंदा भी बताया गया। उक्त बयान किसानों, अन्नदाताओं को अपमानित, जलील व नीचा दिखाने का होकर काफी अभद्र एवं आपत्तिजनक है, जो हेट स्पीच की श्रेणी में आता है। जबकि संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा 380 दिनों तक चलाया गया आंदोलन शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और अहिंसक था। जिसमें 750 किसान शहीद हुए थे।

नोटिस में कहा गया है कि आपका वक्तव्य, आपका किसान विरोधी होना साबित करता है। पूर्व में भी आपके विरुद्ध विभिन्न राज्यों में इसी प्रकार के आपराधिक प्रकरण वर्तमान में लंबित हैं। इससे प्रतीत होता है कि आप आदतन हेट स्पीच देकर नफरत फैलाने की आदी हैं। किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष पूर्व विधायक डा सुनीलम ने बताया कि ग्वालियर में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा कंगना रनोट की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button