मीनाक्षी नटराजन जी का नामांकन निरस्त होना लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय: डागा

बैतूल। लोकतंत्र, किसानों, पेयजल व्यवस्था, मेडिकल कॉलेज, महंगाई और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय बैतूल गंज में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय विनोद डागा ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होना लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय है और यह लोकतांत्रिक मूल्यों पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
श्री डागा ने कहा कि जिस आधार पर नामांकन निरस्त किया गया, उसने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि जिस निजी परिवाद का हवाला दिया गया, उसमें मीनाक्षी नटराजन अभियुक्त नहीं प्रतिवादी थीं। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 33ए और फॉर्म-26 की भावना के अनुरूप नामांकन निरस्त करने का आधार नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे विवादित आधारों पर नामांकन खारिज किए जाएंगे तो भविष्य में मनमानी और अनिश्चितता की स्थिति पैदा होगी।नश्री डागा ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन जी जैसी साफ-सुथरी छवि, वैचारिक प्रतिबद्धता और जनसेवा के लिए समर्पित नेता को चुनावी प्रक्रिया से बाहर किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।
पत्रकार वार्ता में संगठन महासचिव ब्रजभूषण पांडे,
जिला प्रवक्ता लवलेश बब्बा राठौर, विजय पारधी
सोशल मीडिया प्रभारी अनूप जैसवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजय यादव, जिला सचिव अभय वर्मा उपस्थित थे।
– खाद संकट से परेशान किसान
इसके साथ ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने बताया कि जिले में ई-टोकन सिस्टम पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। किसान खाद के लिए परेशान हैं और दूर-दूर से किसी प्रकार खाद खरीदने पहुंच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई किसानों को उनके ब्लॉक से दूर स्थित दुकानों का आवंटन किया जा रहा है, जिससे उन्हें अतिरिक्त परिवहन खर्च उठाना पड़ रहा है। पहले से महंगी खाद के कारण किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। साथ ही किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जिले की नगरीय और ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को चिंताजनक बताते हुए कहा कि शहरों में एक दिन छोड़कर पानी देने की व्यवस्था लागू है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में मनमाने तरीके से जल वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका पूरे वर्ष 365 दिनों का शुल्क आम जनता से वसूलती है, लेकिन नागरिकों को दो, तीन और चार दिन के अंतराल से पानी मिल रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
– मेडिकल कॉलेज की भूमि को लेकर जताई चिंता
पत्रकार वार्ता में पीपीपी मोड पर बनाए जा रहे मेडिकल कॉलेज का मुद्दा भी उठाया गया। निलय विनोद डागा ने कहा कि कांग्रेस की लंबे समय से मांग रही है कि मेडिकल कॉलेज को सरकारी किया जाए। उन्होंने दावा किया कि मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित भूमि में ऐसे लोगों को भी सरकार द्वारा पट्टे दिए गए हैं, जिन्होंने वहां अपने मकान बना रखे हैं। कांग्रेस ने मांग की कि जिन लोगों को पट्टे दिए गए हैं या जिनके मकान वहां बने हुए हैं, उनकी भूमि किसी भी कीमत पर अधिग्रहित नहीं की जानी चाहिए।
– महंगाई से आम जनता त्रस्त
कांग्रेस ने गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा। निलय विनोद डागा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम होने के बावजूद पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि फरवरी में घरेलू गैस सिलेंडर 877 रुपये था, जो जून में बढ़कर 966 रुपये हो गया। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर फरवरी के 1740 रुपये से बढ़कर जून में 3113 रुपये तक पहुंच गया। पेट्रोल की कीमत फरवरी में 107.48 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर जून में 115.05 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल की कीमत 92.83 रुपये से बढ़कर 100.70 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
– प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर नाराजगी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि देश और मध्यप्रदेश में नीट सहित कई प्रतियोगी परीक्षाएं अंतिम समय में निरस्त या स्थगित की जा रही हैं, जिससे युवाओं में हताशा का माहौल बन रहा है। उन्होंने भोपाल में आयोजित जेल प्रहरी परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि अभ्यर्थियों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक परीक्षा कक्ष में बैठाने के बाद परीक्षा स्थगित कर दी गई। उन्होंने कहा कि हजारों रुपये खर्च कर परीक्षा केंद्र पहुंचने वाले युवाओं को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
– भारतीय जहाज पर हमले को बताया चिंताजनक
निलय विनोद डागा ने ओमान के निकट भारतीय नाविकों वाले जहाज पर हुए हमले को अत्यंत चिंताजनक और दुखद बताया। उन्होंने कहा कि देश को विश्वगुरु बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन भारतीय नागरिकों और जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है।
– विदेश नीति पर भी साधा निशाना
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने राहुल गांधी के पुराने बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोप अब सही साबित होते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर के इस बयान के बाद कि अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने की अनुमति दी थी, केंद्र सरकार की विदेश नीति और उसके दावों पर नए सवाल खड़े हो गए हैं।




