ताप्ती के पावन जल से शिवमय हुआ बैतूल, हर हर महादेव के जयघोष के साथ निकली सद्भावना कांवड़ यात्रा

बैतूल। जिले की खुशहाली और समृद्धि की मंगलकामना को लेकर निकली सद्भावना कांवड़ यात्रा ने सोमवार को शहर को पूरी तरह शिवमय कर दिया। खेड़ी ताप्ती घाट से पूजा अर्चना कर पवित्र जल लेकर निकले सैकड़ों शिवभक्त जब शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे तो जगह-जगह श्रद्धा, सेवा और सद्भावना का ऐसा संगम देखने को मिला कि राहगीर भी इस भक्तिमय कारवां का हिस्सा बनने से खुद को नहीं रोक सके।
हेमन्त वागद्रे के नेतृत्व में निकली यात्रा का शहर में प्रवेश होते ही श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ स्वागत किया। खेड़ी सावलीगढ़ , डहरगांव , महदगांव , भड़ूस , दनोरा , तितली चौराहा , माचना पुल , बडोरा पुल, गेंदा चौक, महाजन चौक, अंबेडकर चौक, शिवाजी चौक, राजा भोज चौक और बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं स्नेहीजनों ने कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत किया। जगह-जगह स्वल्पाहार की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं की सेवा की गई। सेवा भाव से जुड़े लोगों ने कांवड़ियों को प्रसाद एवं अल्पाहार कराया तो पूरा वातावरण भक्ति और आत्मीयता से भर उठा।
कांवड़ियों के कंधों पर सजी कांवड़ और मुख से निकलता हर-हर महादेव का उद्घोष यात्रा की भव्यता को और बढ़ा रहा था। कोई भोलेनाथ की भक्ति में मग्न था तो कोई मां ताप्ती के पावन जल को अपने साथ लेकर भगवान शिव के अभिषेक की प्रतीक्षा कर रहा था। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने हाथ जोड़कर कांवड़ियों का अभिनंदन किया। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और धार्मिक जयघोष के बीच स्वागत किया गया।
कावड़ यात्रा कोठी बाजार स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुची जहां भगवान शंकर का पूजन कर जलाभिषेक कर जिले में अच्छी वर्षा एवं किसानों को अच्छी उपज के साथ समस्त नागरिकों की समृद्धि की कामना की ।
यात्रा में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुखदेव पांसे, सांसद प्रत्याशी रामू टेकाम, प्रदेश कांग्रेस महासचिव केलू उपाध्याय, नवनीत मालवीय, अरुण गोठी, डा. नितिन देशमुख , हेमन्त पगारिया, सोनू पाल, मनोज मालवे, आजायब झरबड़े, मनोज आर्य, सोनू खनूजा, अनुराग मिश्र,कैलाश पटेल, मनीष देशमुख, राजेश गावंडे, बबलू महाले, रानू ठाकुर, रितेश शुक्ला, मिथिलेश राजपूत , भीम गीद, महेश थोटेकर, भूषण कांति, हेमन्त घोटे, राहुल छत्रपाल, रामचरण इरपाचे, तरुण कालभोर, अभिषेक दाभाड़े, रत्नेश देशमुख, बंटी कापसे, बबलू देशमुख, सेंटी वाधमारे, बण्डू कुंभारे, राजा सोनी, दशरथ देशमुख, हंसू गीद, पिंटिस नागले, विक्की सिंह, सुनील भलावी, नेकराम यादव, रुपेश आर्य, प्रतीक सोनी, प्रेम शंकर सरले, जगदीश गोचरे, रामशंकर साबले, अखलेश गोठी, संजय आर्य, सरफराज खान, भूषण साबले, पप्पू गावंडे, सीटू गुप्ता सहित सैकड़ों शिवभक्त शामिल रहे।
यात्रा के दौरान आस्था के साथ सद्भावना का संदेश भी दिखाई दिया। अलग-अलग वर्गों और क्षेत्रों से आए श्रद्धालु एक ही भाव के साथ भगवान भोलेनाथ की भक्ति में आगे बढ़ते नजर आए। कांवड़ यात्रा के कारण शहर का वातावरण घंटों तक धार्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
प्राचीन शिव मंदिर कोठी बाजार पहुंचने के बाद मां ताप्ती के पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच हुए अभिषेक के बाद आरती की गई। इसके पश्चात भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।




