नन्हे बालगोपालों ने रची कृष्ण लीला, वेशभूषा और मटकी फोड़ के साथ मनाया जन्माष्टमी का पर्व
वंडर पब्लिक स्कूल में नन्हे मुन्नों ने मनाई धूमधाम से जन्माष्टमी, कृष्ण-बलराम बने आकर्षण का केंद्र

बैतूल। गंज क्षेत्र में स्थित वंडर पब्लिक स्कूल में जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। वंडर एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित इस स्कूल में नन्हे मुन्ने बच्चों ने अपनी मासूमियत और उत्साह से इस पर्व को और भी खास बना दिया।
स्कूल के बच्चों ने फैंसी ड्रेस में भगवान श्रीकृष्ण, बलराम, राधा रानी, नंद बाबा और यशोदा मैया की वेशभूषा पहनकर मंच पर जीवंत प्रस्तुतियां दीं। इन मासूम बालगोपालों ने अपनी मनमोहक अदाओं से दर्शकों का दिल जीत लिया। छोटे-छोटे बच्चों की कृष्ण और बलराम के रूप में सज-धज कर की गई प्रस्तुतियां पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। इस उत्सव में बच्चों ने वेशभूषा में ही नहीं, बल्कि पारंपरिक रीति-रिवाजों का भी पालन करते हुए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई। बच्चों ने जन्माष्टमी के अवसर पर केक काटा और मटकी फोड़ का आयोजन भी किया, जिसमें बच्चों ने बड़े उत्साह से भाग लिया।
माता-पिता और शिक्षकों ने भी साझा की खुशियां
इस कार्यक्रम में बच्चों के माता-पिता और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर इस पावन पर्व को एक पारिवारिक माहौल में मनाया, जहां बच्चों की खुशियां और उल्लास देखने लायक था। बच्चों के इस प्रयास की सभी ने सराहना की और इस आयोजन को सफल बनाने के लिए स्कूल प्रबंधन की भी प्रशंसा की गई। वंडर पब्लिक स्कूल का यह आयोजन बच्चों के साथ ही उनके माता-पिता और शिक्षकों के लिए भी एक यादगार अनुभव बन गया।




