श्री माता मंदिर में अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ आज, 10 अगस्त को भव्य कावड़ यात्रा का होगा आयोजन

बैतूल। सावन माह के पावन अवसर पर शंकर नगर स्थित प्राचीन श्री माता मंदिर में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी मंदिर समिति द्वारा संगीतमय अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ एवं भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार, 8 अगस्त को सुबह 9 बजे अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ के साथ होगा। इस वर्ष पाठ के मुख्य यजमान विनय (बंटी) मालवीय परिवार होंगे, जो विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद पाठ का शुभारंभ करेंगे। अखंड पाठ लगातार 25 घंटे तक चलेगा और रविवार, 9 अगस्त को सुबह 10 बजे पूर्णाहुति होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे विशेष पूजन एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकार भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे।

धार्मिक अनुष्ठान के समापन अवसर पर रविवार दोपहर 12 बजे से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष डब्बू सेठ ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

आयोजन की अगली कड़ी में सोमवार, 10 अगस्त को भव्य कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालु सुबह 7 बजे मंदिर परिसर में एकत्रित होंगे, जहां से बस द्वारा खेड़ी ताप्ती के लिए प्रस्थान करेंगे। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित समय पर उपस्थित रहने का आग्रह किया है।

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में प्राचीन श्री माता मंदिर समिति, श्री माता सेवा युवा मंडल, माँ खेड़ापति देवी जागरण ग्रुप एवं शंकर नगर लोहिया वार्ड बैतूल के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button