Hit and Run Motor Vehicle Accident Victim Compensation Scheme: बैतूल में हिट एंड रन मामलों के निपटारे के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित, पीड़ितों को मिलेगा तत्काल मुआवजा

बैतूल। बैतूल जिले में हिट एंड रन दुर्घटनाओं के पीड़ितों के मुआवजे और निपटारे के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित इस समिति में एसपी, सीएमएचओ, और बीमा प्रबंधक को शामिल किया गया है। इस पहल का उद्देश्य हिट एंड रन मामलों में त्वरित और प्रभावी सहायता प्रदान करना है।
भारत सरकार द्वारा हिट एंड रन मोटर यान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना 2022 के तहत, हिट एंड रन मामलों में गंभीर रूप से पीड़ित व्यक्तियों को 50 हजार रुपए और मृतकों के आश्रितों को 2 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य हिट एंड रन दुर्घटनाओं में पीड़ितों और उनके परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है, ताकि वे इस कठिन समय में आर्थिक संकट से बच सकें।।कलेक्टर के हस्ताक्षर से जारी आदेश के अनुसार, समिति के अध्यक्ष दावा निपटान आयुक्त के रूप में कलेक्टर होंगे। संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार जांच अधिकारी होंगे, जो मामले को एसडीएम के माध्यम से समिति के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। समिति के अन्य सदस्यों में जिला पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, और सामान्य बीमा काउंसिल द्वारा नामांकित अधिकारी या भारतीय जीवन बीमा निगम के जिला प्रबंधक शामिल होंगे। इस समिति के गठन से हिट एंड रन मामलों में तेजी से न्याय और मुआवजा प्रदान किया जाएगा। स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इस पहल से पीड़ितों को तत्काल राहत मिलेगी और मामलों के निपटारे में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित होगी।




