Good news for farmers: किसानों के लिए खुशखबरी : समर्थन मूल्य पर मूंग बेचने के लिए पंजीयन प्रारंभ
मूंग उपार्जन के लिए आनलाईन पंजीयन पांच जून तक कर पाएंगे किसान

Good news for farmers: बैतूल। मूंग के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन हेतु आनलाईन पंजीयन पांच जून तक कराया जा सकेगा। जिले के किसान सहकारी समितियों, एम.पी. आनलाइन कियोस्क, कामन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केन्द्र एवं साइबर कैफे के माध्यम से पंजीयन करा सकते हैं।

उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि जिले में आगामी पांच जून तक किसान मूंग फसल के उपार्जन के लिए पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन करने से पहले किसानों के आधार नंबर का वेरिफिकेशन लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी या बायोमेट्रिक डिवाइस से किया जाना आवश्यक है। पंजीयन के समय किसानों को बैंक खाता नम्बर एवं आईएफएससी कोड की जानकारी भी उपलब्ध करानी होगी। किसानों का पंजीयन भू अभिलेख में दर्ज खाता एवं खसरे में दर्ज नाम का मिलान आधार कार्ड में दर्ज नाम से होने पर ही हो सकेगा।
सिकमी एवं बटाईदार श्रेणी के किसानों का पंजीयन सहकारी समिति एवं सहकारी विपणन संस्था द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्र पर किया जाएगा। पंजीयन केन्द्र पर किसान को आधार संबंधी दस्तावेज, आधार से पंजीकृत मोबाइल नंबर तथा सिकमी नामे की प्रति साथ में लेकर आना अनिवार्य है। पंजीयन हेतु किसानों से आधार नंबर से बैंक खाता एवं मोबाइल नंबर को लिंक कराकर उसे अपडेट रखने की अपील की है।
बैतूल जिले में इस वर्ष ग्रीष्म काल में कृषकों को मूंग की खेती के लिए लगातार प्रेरित किया गया है तथा विभाग से भी किसानों के खेतों में मूंग की नई किस्म शिखा के प्रदर्शन डलवाए गए। यह किस्म विशेष रोग से पीला मोजेक रोग के प्रति सहनशील होने से कृषकों को इस बार पांच क्विंटल प्रति एकड़ मूंग की उपज होने का अनुमान है।
उल्लेखनीय है कि जिले में गत वर्ष 2022-23 में 5100 हेक्टेयर में मूंग फसल की खेती गर्मी में हुई थी। परंतु इस वर्ष ग्रीष्म काल में कृषकों द्वारा 11 हजार 200 हेक्टेयर में मूंग की खेती की गई है। पंजीयन से उपार्जन कर कृषक एक एकड़ की उपज 5 क्विंटल से अनुमानित आधार पर मूंग खेती दर लगभग 16000 प्रति एकड़ होने से खेती पर व्यय को निकालकर कृषक 20 हजार रुपये प्राप्त कर सकते है।




