Ection mode:घोड़ाडोंगरी जनपद पंचायत की बैठक में घमासान
एक्शन मोड में आकर जनता की शिकायतों पर अधिकारियों को चेताया

बैतूल। जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी की बैठक में हुए घमासान की खबर धीरे-धीरे बाहर निकल रही है। जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी की प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी फिरदौस शाह की कार्यप्रणाली को लेकर विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके जमकर बिफर गई, एक्शन मोड में आते हुए उन्होंने जनता की शिकायतों पर अधिकारियों को जमकर लताड़ा।
गौरतलब है कि शनिवार को भोपाली मेले को लेकर प्रस्तावित बैठक में खींचतान की स्थिति नजर आई। दरअसल, विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके को जनपद पंचायत सीईओ के खिलाफ शाहपुर और घोड़ाडोंगरी क्षेत्र से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बैठक में सीईओ के प्रति उनका सख्त रवैया नजर आया। उन्होंने जनपद पंचायत सीईओ फिरदौस शाह को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि वह अपनी कार्य प्रणाली में सुधार लाए। उन्होंने जनपद सीईओ को हिदायत दी कि वह पारदर्शिता के साथ कम करें, काम किसी के भी कार्यकाल का हो उसकी जानकारी देना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। जानकारी नहीं है तो अधीनस्थ कर्मचारियों से जानकारी लेकर वह जनपद सदस्यों सहित क्षेत्र की जनता को अवगत कराए।
उन्होंने यह भी कहा कि वह आज इस बैठक में उपस्थित हुई है तो जनपद सदस्यों और क्षेत्र की जनता ने उन्हें यह अधिकार दिलाया है। उन्होंने जनपद सीईओ से कहा कि आप नौकरी करके चले जाएंगे, लेकिन उन्हें हमेशा जनता के बीच रहना है जनता की सेवा करना है। बैठक में आदिवासी जनप्रतिनिधियों सहित अन्य सदस्यों के लिए पानी की व्यवस्था नहीं रहने पर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। विधायक ने कहा कि बैठक में ना ही नाश्ते की जरूरत है ना ही चाय की लेकिन पानी की व्यवस्था रहनी चाहिए। महत्वपूर्ण बैठक के लिए शासन द्वारा सभी राशि स्वीकृत की जाती है इसके बावजूद जनपद पंचायत की व्यवस्था में सुधार नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत होने के बाद घोड़ाडोंगरी नगर परिषद क्षेत्र भी है, लेकिन यहां शर्म की बात है कि सदस्यों को पानी तक के लिए नहीं पूछा जाता है। इस दौरान जनपद सीईओ लगातार विधायक की बातों पर अपनी सफाई देती नजर आई।




