Lamp Donation : जब.. सैकड़ों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा मां माचना का तट
असमय हुई वर्षा के बाद भी श्रद्धालुओं के उत्साह में नही आई कमी

दीपदान: बैतूल। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार को शहर के ग्रीन सिटी फिल्टर प्लांट स्थित माचना नदी का किनारा जगमगा उठा। पूर्णिमा पर नदी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मेहुल के पत्तों पर दीपदान किया। आयोजन के बाद जमकर आतिशबाजी की गई। वर्षा के बाद भी श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई और बड़ी संख्या में यहां पर श्रद्धालु मौजूद रहे।
इस दौरान सांसद डीडी उईके, पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल, जल प्रहरी मोहन नागर, नपाध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, पार्षद अंजुरानी शर्मा, जन्मोत्सव समिति के संयोजक आनंद प्रजापति, राजेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने नदी के महत्व पर प्रकाश डाला और मौजूद लोगों से नदी को संरक्षित और शुद्धीकरण में अपना योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम के तहत दोपहर दो से पांच बजे तक माचना घाट एनीकेट पर संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। शाम पांच से छह बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद दीपोत्सव मनाया गया।




