कोठी बाजार के 85 दुकानदार एक बाद भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित।
जनसुनवाई में सीएमओ से मिले शिव सैनिक और दुकानदार। तीन दिन में बिजली व्यवस्था का आश्वासन।

बैतूल। कोठी बाजार स्थित अभिनंदन सरोवर के पीछे विस्थापित किए गए 85 दुकानदारों की समस्याएं एक वर्ष बाद भी जस की तस बनी हुई हैं। नगर पालिका द्वारा किए गए इस विस्थापन के बाद नए स्थान पर अब तक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा सकी हैं, जिससे व्यापारियों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
विस्थापित दुकानदारों के अनुसार उन्हें जिस स्थान पर बसाया गया है वहां न तो पक्की सड़क की व्यवस्था है, न ही नाली बनी है और बिजली की सुविधा भी नहीं है। इन आवश्यक व्यवस्थाओं के अभाव में व्यापार करना मुश्किल हो गया है और ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।
– जनसुनवाई में उठाई समस्या
इन्हीं समस्याओं को लेकर शिवसेना यूबीटी के जिला प्रमुख प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में सभी प्रभावित दुकानदारों ने जनसुनवाई में मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं और शीघ्र समाधान की मांग की।
दुकानदारों ने विशेष रूप से मार्केट क्षेत्र में बिजली की समस्या को प्रमुख मुद्दा बताते हुए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। उनका कहना है कि बिजली के अभाव में दुकान संचालन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
– तीन दिन में समाधान का आश्वासन
नगर पालिका सीएमओ ने दुकानदारों की समस्याएं सुनने के बाद उन्हें आश्वस्त किया कि तीन दिन के भीतर बिजली की व्यवस्था कर दी जाएगी। हालांकि अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं दी गई है, जिससे दुकानदारों में अभी भी असंतोष बना हुआ है।




