एनसीसी गर्ल्स भर्ती में 65 कैडेट्स चयनित, अंतिम सूची जल्द होगी जारी

1200 मीटर दौड़, ऊंचाई परीक्षण और लिखित परीक्षा के बाद हुआ चयन, पारदर्शी प्रक्रिया में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

बैतूल। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय जयवंती हॉक्सर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बैतूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एनसीसी (सीनियर डिवीजन गर्ल्स) भर्ती प्रक्रिया का पहला चरण शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। भर्ती में प्रथम वर्ष की छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। निर्धारित शारीरिक एवं लिखित परीक्षा के आधार पर 65 छात्राओं का चयन किया गया है, जबकि अंतिम चयन सूची आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताओं के बाद जारी की जाएगी।

– दौड़ और लिखित परीक्षा के आधार पर हुआ चयन

भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की 1200 मीटर दौड़ और ऊंचाई परीक्षण निर्धारित मानकों के अनुसार आयोजित किया गया। शारीरिक परीक्षा में सफल छात्राओं की सामान्य ज्ञान, सामान्य गणित और सामान्य विज्ञान विषयों पर लिखित परीक्षा भी कराई गई। दोनों चरणों में प्रदर्शन के आधार पर योग्य एवं अनुशासित कैडेट्स का चयन किया गया।

– सेना के अधिकारियों की मौजूदगी में पारदर्शी प्रक्रिया

पूरी चयन प्रक्रिया 5 एमपी गर्ल्स बटालियन, नर्मदापुरम के नायक आदिल बट्ट एवं हवलदार संजय कुमार के मार्गदर्शन में पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। इस दौरान एनसीसी अधिकारी सीटीओ कृष्णा गौसर, सीनियर अंडर ऑफिसर किरण धुर्वे, अंडर ऑफिसर सपना उइके, अंडर ऑफिसर अनुसुईया धुर्वे, सार्जेंट शिवानी जीजोते, सार्जेंट सोनम नर्रे, एनसीसी बॉयज़ विंग के एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. खुशाल देवघरे सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।

– सूचना पटल और सोशल मीडिया पर जारी होगी अंतिम सूची

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में 65 छात्राओं का चयन किया गया है। अंतिम चयन सूची आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताओं के उपरांत महाविद्यालय के सूचना पटल, एनसीसी विभाग के सूचना बोर्ड तथा महाविद्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी की जाएगी।

– अनुशासन और राष्ट्रसेवा का सशक्त माध्यम है एनसीसी

प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे एवं एनसीसी अधिकारियों ने चयनित कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में शामिल सभी प्रतिभागियों के अनुशासन, उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button