जिले के 4 केंद्रों पर 518 बच्चों ने लिया स्वर्ण प्राशन का लाभ

समीक्षा बैठक में जिला आयुष अधिकारी ने विभागीय विषयों पर की चर्चा


बैतूल। आयुष विभाग द्वारा आयोजित स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम में जिले के 4 स्थानों पर कुल 518 बच्चों को स्वर्ण प्राशन करवाया गया। यह आयोजन प्रत्येक माह पुष्य नक्षत्र पर किया जाता है। इस बार भी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें डाबर फार्मास्यूटिकल्स का सहयोग प्राप्त हुआ।
आयुष विभाग द्वारा प्रत्येक माह मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में 2 फरवरी को जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर योगेश चौकीकर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डॉक्टर योगेश चौकीकर द्वारा औषधालय समय पर खुलने, कर्मचारियों को गणवेश में उपस्थित रहने, आगंतुकों से सदाचारपूर्ण व्यवहार कर औषधि प्रदान करने के निर्देश दिए गए। अन्य विभागीय विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभागीय निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारी एवं कर्मचारियों की कार्य क्षमता बढ़ाने हेतु बैठक के मध्य में योग ब्रेक भी लिया गया।
जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर योगेश चौकीकर बाल्य रोग विशेषज्ञ ने बताया कि स्वर्ण प्राशन औषधि में स्वर्ण भस्म के साथ शंखपुष्पी, ब्राम्ही, वचा, विषम मात्रा में घृत एवं शहद का मिश्रण होता है। बदलते मौसम में स्वर्ण प्राशन से बच्चों का प्रतिरक्षा तंत्र मजबूत होता है तथा बीमारियों से लड़ने की क्षमता में वृद्धि होती है। इसे बच्चों के लिए अमृत तुल्य बताया गया है, जो उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत हितकर है।
– अगला पुष्य नक्षत्र 28 फरवरी को
स्वर्ण प्राशन का आयोजन शासकीय आयुर्वेद जिला चिकित्सालय टिकारी में 371 लाभार्थी, जिला आयुष विंग बैतूल में 40 लाभार्थी, शासकीय आयुर्वेद औषधालय गर्ग कॉलोनी में 75 लाभार्थी तथा शासकीय आयुर्वेद औषधालय भैंसदेही में 32 लाभार्थी बच्चों के लिए किया गया। इस प्रकार कुल 518 लाभार्थी बच्चों ने स्वर्ण प्राशन का लाभ प्राप्त किया। अगला पुष्य नक्षत्र 28 फरवरी को है। सभी माता-पिता से आग्रह किया गया है कि वे अपने 6 माह से 16 वर्ष तक के बच्चों को स्वर्ण प्राशन हेतु अवश्य लेकर आएं और इसका लाभ प्राप्त करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button