कन्या शाला की 50 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल, अब शिक्षा की राह होगी आसान

पहले की तुलना में अब ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यालयों तक पहुंच रही छात्राएं

बैतूल। ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने और उनकी पढ़ाई को सुगम बनाने के उद्देश्य से ई.एफ.ए. शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, बैतूल गंज में कक्षा 9वीं की 50 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। प्राचार्य ललितलाल लिल्होरे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं के माता-पिता, पालक एवं विद्यालय स्टाफ की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य ललितलाल लिल्होरे ने कहा कि निःशुल्क साइकिल वितरण योजना से छात्राओं में शिक्षा के प्रति आत्मविश्वास बढ़ा है। पहले की तुलना में अब ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्राएं विद्यालयों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना बेटियों को शिक्षा से जोड़ने में प्रभावी साबित हो रही है।

– योजना का उद्देश्य बताया

प्रभारी शिक्षक महेश गुंजेले ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण कर चुकी छात्राओं को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में सर्वाधिक छात्राएं ग्रामीण क्षेत्रों से अध्ययन करने आती हैं तथा बैतूल शहर से लगे कई गांवों की छात्राएं यहां शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। योजना के तहत सभी वर्गों की पात्र छात्राओं को लाभ प्रदान किया जा रहा है।

– गांव से स्कूल तक आसान हुआ सफर

महेश गुंजेले ने बताया कि शासन ने योजना का विस्तार करते हुए उन छात्राओं को भी शामिल किया है, जिनके गांव में माध्यमिक, हाई स्कूल अथवा हायर सेकेंडरी विद्यालय उपलब्ध नहीं हैं और जो दूसरे गांव स्थित शासकीय विद्यालय में कक्षा 9वीं में प्रवेश लेती हैं। योजना लागू होने से पहले अनेक छात्राएं केवल परिवहन सुविधा के अभाव में प्रारंभिक शिक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ देती थीं, क्योंकि गांव से बाहर स्थित विद्यालय तक पैदल पहुंचना कठिन और असुरक्षित था। अब निःशुल्क साइकिल मिलने से यह समस्या काफी हद तक दूर हो गई है।

– पालकों की मौजूदगी में हुआ वितरण

निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत 50 छात्राओं को प्राचार्य ललितलाल लिल्होरे, विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्राओं के पालकों द्वारा साइकिलें वितरित की गईं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्राओं के माता-पिता एवं पालक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ के पी.आर. देशमुख, सुरेश पानकर, एस. नरवरिया, अशोक कवड़े, करण पंवार तथा प्रभारी शिक्षक महेश गुंजेले सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी विशेष रूप से मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button