151 कुण्डीय विश्वशान्ति वैदिक महायज्ञ का आयोजन 25 मार्च को। मां माचना मंदिर में संत प्रवर की दिव्यवाणी के साथ होगा भव्य आध्यात्मिक समारोह।

बैतूल। ग्रीन सिटी सेक्टर बी स्थित मां माचना मंदिर (मां माचना घाट) फिल्टर प्लांट के पास 25 मार्च दिन बुधवार को 151 कुण्डीय विश्वशान्ति वैदिक महायज्ञ एवं विहंगम योग समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर सुबह 8:30 बजे शोभा यात्रा निकाली जाएगी, इसके बाद सुबह 10 बजे से दिव्यबाणी (जय स्वर्वेद कथा) एवं 151 कुण्डीय विश्वशान्ति वैदिक महायज्ञ का आयोजन होगा। दोपहर 2 बजे से भंडारा-प्रसाद का कार्यक्रम रखा गया है।
कार्यक्रम का आयोजन विहंगम योग संत-समाज बैतूल एवं मां माचना जन्मोत्सव समिति द्वारा किया जा रहा है। समारोह में संत प्रवर की दिव्यवाणी जय स्वर्वेद कथा के माध्यम से आध्यात्मिक संदेश दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम भौतिक एवं आध्यात्मिक दोनों प्रकार के कल्याण को समर्पित है।
आयोजकों ने बताया कि 151 कुण्डीय वैदिक महायज्ञ के माध्यम से विश्वशांति, पर्यावरण शुद्धता एवं मानव कल्याण की कामना की जाएगी। विहंगम योग संस्थान भारतीय संस्कृति के संरक्षण और आध्यात्मिक जागरण के उद्देश्य से देशभर में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। कार्यक्रम संयोजक आनंद प्रजापति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दिव्यवाणी का लाभ लेने और 151 कुण्डीय विश्वशान्ति वैदिक महायज्ञ में सहभागिता करने की अपील की है।




