5 साल के अधिराज वर्मा ने इंडो-नेपाल चैंपियनशिप में जीता गोल्ड
रोलर स्केटिंग में सर्वश्रेष्ठ समय के लिए ट्रॉफी भी हासिल की

बैतूल। नेपाल में आयोजित इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप 2024 में आरडी किड्स केजी 2 में अध्यनरत महज 5 साल के प्रतिभावान विद्यार्थी अधिराज वर्मा ने गोल्ड मेडल जीतकर बैतूल का नाम रोशन किया है।
6 से 10 अगस्त तक चली इस प्रतियोगिता में अधिराज ने 8 अगस्त को इनलाइन रोलर स्केटिंग में अपनी श्रेणी में सबसे तेज समय दर्ज कर गोल्ड मेडल और सर्वश्रेष्ठ समय की ट्रॉफी अपने नाम की। उल्लेखनीय है अधिराज वर्मा शहर की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मेघा वर्मा के बेटे है।
तिरंगा यात्रा में केंद्रीय मंत्री ने किया सम्मानित

बैतूल में तिरंगा यात्रा के दौरान अधिराज वर्मा को केंद्रीय मंत्री डी.डी. उइके द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अधिराज की इस जीत पर पूरे शहर में खुशी की लहर दौड़ गई है। डॉ. मेघा वर्मा और उनके परिवार को बधाई संदेशों का तांता लग गया है। अधिराज की इस उपलब्धि से बैतूल का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमका है, और वह युवाओं के लिए एक प्रेरणास्त्रोत बन गए हैं।
अधिराज वर्मा की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम और समर्पण से किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। उनकी इस शानदार जीत ने बैतूल का मान बढ़ाया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शहर की पहचान बनाई है। अधिराज की यह उपलब्धि उनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत है, और उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी जा रही हैं।





