मोहित हत्याकांड का खुलासा, जीजा समेत तीन गिरफ्तार
जमीन विवाद में रची गई थी 20 दिन पहले साजिश, केबल से गला घोंटकर शव कुएं में फेंका; मोबाइल बना सबसे अहम सबूत

बैतूल। जिले के बहुचर्चित 20 वर्षीय मोहित गलफट हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के जीजा राजा मस्की तथा चचेरे भाइयों संजय उर्फ पिंटिया गलफट और आकाश गलफट को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तीनों ने जमीन विवाद के चलते 20 दिन पहले हत्या की साजिश रची और 25 जुलाई की रात एल्यूमीनियम केबल से गला घोंटकर मोहित की हत्या करने के बाद शव को बोरी में भरकर खेत के तीसरे कुएं में फेंक दिया।
पुलिस के मुताबिक मोहित का चयन भारतीय वायुसेना की अग्निवीरवायु (PBOR) भर्ती प्रक्रिया के लिए हुआ था और उसे 26 जुलाई को परीक्षा के लिए रवाना होना था। आरोपियों को आशंका थी कि नौकरी लगने के बाद वह आर्थिक रूप से मजबूत हो जाएगा, जिससे उसकी पैतृक जमीन पर कब्जा करना मुश्किल हो जाएगा। परीक्षा के लिए रवाना होने से पहले मोहित ने गांव के मंदिर में पूजा-अर्चना की और ग्रामीणों को प्रसाद व मिठाई भी बांटी थी।
जांच में सामने आया कि 25 जुलाई की रात मंदिर से लौटते समय संजय और आकाश उसे दूसरे मंदिर चलने का बहाना बनाकर खेत स्थित झोपड़ी तक ले गए, जहां राजा मस्की पहले से मौजूद था। झोपड़ी में तीनों ने उसे दबोच लिया। संजय और राजा ने उसके हाथ पकड़े, जबकि आकाश ने एल्यूमीनियम केबल उसके गले में कई बार लपेटकर कस दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी शव को बोरी में भरकर खेत के तीसरे कुएं में फेंक आए। पुलिस को गुमराह करने के लिए मोहित के जूते दूसरे कुएं के पास फेंक दिए गए और संघर्ष के निशान भी पहले कुएं के पास छोड़े गए, ताकि मामला दुर्घटना या गुमशुदगी का लगे। हत्या के दौरान मृतक का मोबाइल झोपड़ी में ही छूट गया, जो जांच का सबसे अहम साक्ष्य साबित हुआ।
पुलिस के अनुसार मोहित की बहन शिवानी ने राजा मस्की से प्रेम विवाह किया था। राजा की नजर अपने ससुर मंचित गलफट की करीब 7 से 8 एकड़ कृषि भूमि पर थी और उसे उम्मीद थी कि मोहित के रास्ते से हटने पर पत्नी के माध्यम से जमीन पर अधिकार मिल सकता है। वहीं संजय और आकाश के परिवार का खेत, सिंचाई, पाइपलाइन और कुएं के पानी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते दोनों भी साजिश में शामिल हो गए।
पुलिस ने बताया कि जांच में आकाश के पिता नारायण द्वारा आरोपियों को मोहित को रास्ते से हटाने के लिए उकसाने की बात भी सामने आई है। इस पहलू की जांच जारी है और पुलिस संबंधित साक्ष्य जुटा रही है।




