आयुष शिविर में 138 मरीजों को मिला लाभ।
आधुनिक चिकित्सा के साथ आयुष टीम ने दी सेवाएं। निशुल्क दवाइयों का वितरण, बीपी-शुगर सहित कई रोगों का हुआ उपचार।

बैतूल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आठनेर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से 138 रोगियों को लाभ प्रदान किया गया। बैतूल जिला आयुष अधिकारी के अनुसार यह शिविर जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें आधुनिक चिकित्सा के साथ आयुष विभाग की टीम ने भी अपनी सेवाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ ईश्वर पूजन के साथ हुआ। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला महामंत्री भाजपा कृष्णा गायकी, मंडल अध्यक्ष गोवर्धन राने, विधायक प्रतिनिधि मनोज जगताप, वरिष्ठ समाजसेवी कैलाश आजाद सहित क्षेत्रीय पत्रकार और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश परिहार अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में चिकित्सकों और स्वास्थ्य टीम के कार्यों की सराहना की।
शिविर में आयुर्वेद के माध्यम से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, रक्ताल्पता, उदर रोग सहित विभिन्न बीमारियों का उपचार किया गया तथा मरीजों को निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इस दौरान डॉ. अतुल राय, डॉ. सुशील कुमार सोनी, अभिषेक कोसे, सुनील सतनामी और संगीता सातपुते ने अपनी सेवाएं देते हुए मरीजों को आयुष पद्धति से उपचार उपलब्ध कराया।




