MP Crime News: देवरानी और जेठानी को जमीन में जिंदा गाड़ने का प्रयास, दोनों पर उड़ेल डाली हाइवा से मुरम
वीडियो वायरल होने के बाद गरमाया मामला, सरकार पर सवाल उठा रहे लोग

Mp Crime News: मध्यप्रदेश के रीवा का एक रोंगटे खड़े करने वाला वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दो महिलाओं पर हाइवा में भरी मुरम उड़ेली जा रही है और जमीन में जिंदा गाड़ने का प्रयास करते कुछ लोग नजर आ रहे हैं।

रविवार को तेजी से वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस और प्रशासन के द्वारा मामले में कारवाई करने की जानकारी दी जा रही है। रीवा जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि यह एक पारिवारिक विवाद है। इस प्रकरण में पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और एक आरोपी विपिन पांडे को हिरासत में लिया है । दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

हिनौता कोठार निवासी फरियादी आशा पांडे पति सुरेश पाण्डे (25 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि उनका ससुर गौकरण पांडे से साझे की जमीन को लेकर रास्ता निकलने काे लेकर विवाद है। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे गौकरण पांडेय और देवर विपिन पांडे विवादित जमीन पर सड़क बनवाने के लिए हाइवा से मुरूम लेकर आए।

आशा पांडेय ने अपनी देवरानी ममता पांडे के साथ जाकर हाइवा क्रमांक एमपी 17 एचएच-3942 के चालक को मुरूम गिराने से मना किया। इस दौरान मौजूद लोगों ने उनकी बात नहीं सुनी तो वे डंपर के पीछे मुरुम गिरने के स्थान पर बैठ गईं। इसके बाद भी उन्होंने हाइवा से तेजी से मुरुम गिरा दी। दोनों मुरुम में दब गईं। एक तो गले तक मुरम के भीतर दब गई जबकि एक कमर तक दब गई।
चीख पुकार मचने पर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर डम्पर जब्त किया गया है। एक आरोपी विपिन पांडे को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश हो रही है।




