जीएसटी सुधारों से रोजगार और उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा : आशुतोष गुगनानी
सीए एसोसिएशन में जीएसटी 2.0 और वैदिक टैक्सेशन पर सेमिनार आयोजित, भविष्य की कर व्यवस्था पर रखे विचार

आशुतोष गुगनानी की पुस्तक में जेन जी आधारित कर सुधारों का रोडमैप
बैतूल। आईसीएआई के बैतूल स्टडी सर्कल के तत्वावधान में सीए एसोसिएशन में जीएसटी एवं कर सुधारों के नवीन दृष्टिकोण पर सेमिनार आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता आशुतोष गुगनानी ने जीएसटी 2.0, जेन जी की आवश्यकताओं के अनुरूप कर सुधार, अंतरराष्ट्रीय कर व्यवस्था के नए रुझान तथा रोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने वाले कर उपायों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि भविष्य की कर व्यवस्था सरल, पारदर्शी और युवा पीढ़ी की जरूरतों के अनुरूप होनी चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयकर अधिकारी एच.एल. टांडेकर तथा विशिष्ट अतिथि राज्य कर अधिकारी (जीएसटी) आकांक्षा सिंह रहीं। अध्यक्षता सीए प्रदीप खंडेलवाल ने की। कार्यक्रम संयोजक वरिष्ठ सीए सुनील हिरानी एवं सह-संयोजक सीए सचिन आर्य रहे। प्रारंभ में सुनील हिरानी ने मुख्य वक्ता का परिचय देते हुए जीएसटी और कर सुधारों की वर्तमान प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
गुगनानी की पुस्तक जीएसटी रिफॉर्म्स : जेन जी बेस्ड वैदिक टैक्सेशन हाल ही में प्रकाशित हुई है। पुस्तक की प्रस्तावना केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लिखी है। दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित कार्यक्रम में प्लानिंग कमीशन ऑफ इंडिया की जोराम एनीया ने पुस्तक का लोकार्पण किया था। कार्यक्रम अध्यक्ष प्रदीप खंडेलवाल ने भी पुस्तक की महत्ता पर विचार रखते हुए विकसित अर्थव्यवस्था की दिशा में इसके योगदान की सराहना की।
सेमिनार के उपरांत सीए धर्मेंद्र माहेश्वरी ने विषय की व्यावसायिक उपयोगिता पर विचार रखे। अंत में सीए अनिल बांगड़ ने अतिथियों, वक्ता एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बैतूल के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के साथ आयकर एवं जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता की। सेमिनार का उद्देश्य कर एवं आर्थिक क्षेत्र में हो रहे नए बदलावों और सुधारों से पेशेवरों को अवगत कराना रहा।




