चिचोली में अमन-चैन की दुआ के साथ निकला जुलूस-ए-मिलाद, गले मिलकर दी मुबारकबाद
अस्पताल मरीजों को बांटे फल-बिस्किट, फूलों की बारिश से हुआ जुलूस का स्वागत

चिचोली। पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिन के अवसर पर चिचोली क्षेत्र में ईद मिलादुन्नबी का पर्व बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान जामा मस्जिद और नूरी मस्जिद में मुस्लिम समाज के लोग एकत्रित हुए और विशेष नमाज अदा कर देश सहित चिचोली क्षेत्र में अमन-चैन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। इसके बाद दोनों मस्जिदों के मौलानाओं की मौजूदगी में डीजे के साथ जुलूस-ए-मिलाद निकाला गया।
जुलूस का नगरवासियों, धार्मिक संस्थाओं तथा भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी और मुंह मीठा कराया। पर्व के दौरान आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश भी देखने को मिला।
अजहर उर्फ अमन खान की ओर से नगर के खारी मोहल्ला में विशेष लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भोजन ग्रहण किया। इसके बाद बरकाती युवा टीम के इमरान खान, अमन खान, सोमी खान, दनिश खान और जुनैद खान ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल, फ्रूट और बिस्किट वितरित कर ईद मिलादुन्नबी का पर्व सेवा भावना के साथ मनाया।
उमर खान और फैजान खान ने पर्व के दौरान प्रशासन और पुलिस के सहयोग के लिए आभार जताते हुए बताया कि क्षेत्र के तहसीलदार श्याम सिंह उईके, राजस्व निरीक्षक, राजू लौखंडे तथा थाना प्रभारी हरिओम पटेल सहित पुलिस टीम का भरपूर सहयोग मिला। आयोजन के दौरान सज्जू खान, मकबूल खान, नजीर खान, वसीम खान, सलीम खान शेख, पप्पू, अकरम खान, मेहफूज खान, समीउल्लाह खान सहित मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे।




