कोथलकुंड में तीन अलग-अलग ठिकानों पर वन विभाग ने की छापेमारी, सागौन चिरान और लट्ठे जब्त

बैतूल। दक्षिण (सा.) वनमंडल के सावलमेंढा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोथलकुंड में वन विभाग ने गुरुवार 10 सितंबर को तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमार कार्रवाई कर सागौन की चिरान और लट्ठे जब्त किए। कार्रवाई वन संरक्षक मधु व्ही. राज, वनमंडलाधिकारी अरिहन्त कोचर और उपवनमंडलाधिकारी भैंसदेही विजयेन्द्र सिंह जावरिया के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई के दौरान चेतराम लुहार निवासी बंजारीढाना कोथलकुंड के घर से सागौन की चिरान एवं लट्ठे सहित 30 नग, कुल 0.309 घनमीटर लकड़ी जब्त की गई। इसी तरह प्रकाश बडले के घर से 7 नग सागौन चिरान, कुल 0.027 घनमीटर तथा संजू बडले निवासी हिंदूढाना कोथलकुंड के घर से 20 नग सागौन चिरान, कुल 0.161 घनमीटर लकड़ी बरामद हुई।
तीनों मामलों में नियमानुसार वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। जब्त काष्ठ को वन परिक्षेत्र कार्यालय लाकर सुरक्षित रखा गया है। वन विभाग के अनुसार मामलों में आगे की कार्रवाई जारी है तथा वन अपराधों पर नियंत्रण के लिए विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है।




