Success Story Betul: पहले ही प्रयास में डीएसपी बनीं बैतूल की अवनधती प्रधान
युवाओं को दिया संदेश, सफलता का कोई शार्ट कट नही होता

UPSC Results: बैतूल। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा 2020 में बैतूल जिले के टंडन कैंप आमला निवासी गोपाल प्रधान की पुत्री अवनधती प्रधान राज्य पुलिस सेवा में उप अधीक्षक ( डीएसपी ) पद पर चयनित हुईं। अपने पहले ही प्रयास में उन्होंने डीएसपी का पद हासिल कर परिवार ,आमला नगर समेत विधानसभा क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है।

एयर फोर्स स्टेशन आमला में पदस्थ गोपाल प्रधान की बेटी अवनधती प्रधान ने अपने पहले ही प्रयास में ये उपलब्धि हासिल की है। अवंधति ने केंद्रीय विद्यालय वायु सेना स्थल आमला से 2015 में श्रेष्ठ अंकों से कक्षा 12 वी की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके पश्चात सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त कर सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। इंदौर से कोचिंग प्राप्त की तथा अपने पहले ही प्रयास में डीएसपी के पद पर चयनित हुई।
वर्ष 2020 सत्र में ये चयनित हुई । इसके पश्चात इंटरव्यू सहित अन्य परीक्षाओं में श्रेष्ठता साबित करते हुए इस मुकाम तक पहुंची। अपनी इस उपलब्धि के लिए अवनधती ने माता– पिता, गुरुजनों और परिवार का सहयोग मिलने को प्रमुख कारण बताया।
युवा वर्ग से अवनधती ने मीडिया के माध्यम से कहा है कि सफलता का कोई शार्टकट नही होता। कड़ी मेहनत और निरंतर मेहनत से ही सफलता मिलती है। मन मे कभी निराशा के भाव मत आने दीजिये । बस लक्ष्य पाने की ओर जुटे रहिए, सफलता जरूर मिलेगी। इस कामयाबी पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग रहा है।




