भ्रष्टाचार की शिकायत करने वाले वार्ड पंच को जान से मारने की धमकी 

एसपी से सुरक्षा की मांग, नारायण मंदिर घाट निर्माण में अनियमितताओं के आरोप

सांकेतिक फोटो

वार्ड पंच अशोक राय का आरोप- पंचायत के पदाधिकारी झूठे एससी-एसटी मामले में फंसाने की दे रहे धमकी

बैतूल। घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम चोपना में पंचायत के विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं की शिकायत करने वाले वार्ड पंच अशोक राय ने जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। वार्ड क्रमांक 1 के पंच ने 19 अगस्त को एसपी को आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने पंचायत के पदाधिकारियों पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

अशोक राय के अनुसार, उन्होंने 4 अगस्त को कलेक्टर की जनसुनवाई में नारायण मंदिर घाट निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर शिकायत की थी। उन्होंने शिकायत में बताया था कि पांचवें वित्त आयोग के तहत हो रहे निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उनके मुताबिक घाट निर्माण में सरिया का उपयोग नहीं किया गया और घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरपंच और सचिव ने निर्माण कार्य का एस्टीमेट दिखाने से इनकार कर दिया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि नवनिर्मित घाट में अभी से दरारें दिखाई देने लगी हैं। सड़क निर्माण में भी बेस नहीं डालने और निर्धारित मानकों के विपरीत कम ढलाई करने का आरोप लगाया गया है। वार्ड पंच ने निर्माण कार्य में कागजी खानापूर्ति कर फर्जी बिलों के माध्यम से सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए जांच की मांग की थी।

अशोक राय ने एसपी को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि शिकायत के बाद से पंचायत के कुछ पदाधिकारी उनसे रंजिश रखने लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि अब उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं और एससी-एसटी एक्ट के तहत झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है।

वार्ड पंच ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा उनके खिलाफ यदि कोई शिकायत आती है तो उस पर कार्रवाई से पहले निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही उन्होंने पंचायत के निर्माण कार्यों और उनके द्वारा लगाए गए आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button