जैव विविधता संरक्षण के लिए स्थानीय स्तर पर काम जरूरी: डॉ हर्षवर्धन यादव।
पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बैतूल में अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर हुई कार्यशाला। छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता बचाने की दिलाई शपथ।

बैतूल। अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जयवंती हकसर पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज बैतूल में इको क्लब के तत्वावधान में कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ मीनाक्षी चौबे के मार्गदर्शन में किया गया। इको क्लब प्रभारी प्रोफेसर अर्चना सोनारे ने वनस्पति विभाग में वृक्षारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य वक्ता डॉ हर्षवर्धन यादव, विधि महाविद्यालय बैतूल ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी देते हुए कहा कि पंचायत स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक सामूहिक प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण संभव है।
प्रोफेसर अर्चना सोनारे ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिवर्ष 22 मई को अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य पृथ्वी पर मौजूद पेड़-पौधों, जीव-जंतुओं और पारिस्थितिकी तंत्र की विविधता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और संरक्षण को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ महेंद्र नावांगे ने किया। इस दौरान प्रोफेसर नीतू कुमरे, डॉ विनोद चौरासे, डॉ पंकज बारस्कर, प्रोफेसर दीपिका साहू, डॉ राहुल सिंह ठाकुर और प्रोफेसर संतोष पवार सहित महाविद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। छात्राओं को जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और प्रकृति संरक्षण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि स्थानीय स्तर पर किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी वैश्विक स्तर पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और उपस्थित जनों को जैव विविधता संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूक करना तथा इस वर्ष की थीम एक्टिंग लोकली फॉर ग्लोबल इंपैक्ट के महत्व को समझाना रहा।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को जैव विविधता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। सभी ने प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।




