बैतूल में आयुष विभाग का निशुल्क पंचकर्म शिविर संपन्न, 2416 मरीजों ने लिया लाभ।
एक माह चले शिविर में जिला अस्पताल और आयुष विंग में हुआ उपचार।

बैतूल। आयुष विभाग बैतूल द्वारा टिकारी स्थित जिला आयुर्वेद चिकित्सालय एवं आयुष विंग, जिला चिकित्सालय में 11 मार्च से 11 अप्रैल तक आयोजित निशुल्क पंचकर्म शिविर का समापन शनिवार को जिला आयुष कार्यालय टिकारी में हुआ। समापन कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष महेश राठौर, कोठी बाजार मंडल अध्यक्ष विक्रम वैद्य, सांसद प्रतिनिधि कैलाश धोटे, गंज मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा सहित नोडल अधिकारी डॉ प्रियंका उइके और सहायक नोडल अधिकारी डॉ नरेंद्र डढोरे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने पंचकर्म की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे आयुर्वेद की प्रभावी उपचार पद्धति बताया और अपने अनुभव साझा किए। जिला आयुष अधिकारी डॉ योगेश चौकीकर ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन के निर्देशन में आयोजित इस एक माह के शिविर में जिला चिकित्सालय में 1636 और आयुष विंग में 780 मरीजों सहित कुल 2416 लोगों ने लाभ प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि बसंत ऋतु में कफजनित रोगों की अधिकता रहती है, जिनका उपचार पंचकर्म के माध्यम से शरीर का शोधन कर किया जाता है। पंचकर्म में आयुर्वेद के पांच प्रमुख कर्मों के जरिए रोग के अनुसार शोधन उपचार किया जाता है। नोडल अधिकारी डॉ प्रियंका उइके ने भी पंचकर्म चिकित्सा की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में शिविर से लाभान्वित मरीजों ने अपने अनुभव साझा किए और जिले के लोगों से आयुष पद्धति से उपचार लेने की अपील की। आयुष विभाग द्वारा इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।




