fraud: फर्जी हस्ताक्षर से हड़पी एलआईसी पॉलिसी की रकम, जांच में हो रही कोताही

पीड़िता ने शाखा प्रबंधक, बीजेपी नेता सहित पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप,आम आदमी पार्टी को सौंपा ज्ञापन 

बैतूल। फर्जी हस्ताक्षर से एलआईसी पॉलिसी के 8 लाख 71 हजार हड़पने के मामले में सारनी निवासी सपना झरबड़े ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने आम आदमी पार्टी से इस मामले में हस्तक्षेप करने और न्याय दिलाने की मांग की है। सपना झरबड़े ने आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रमुख, राष्ट्रीय परिषद सदस्य अजय सोनी को ज्ञापन सौंपकर उनके साथ हुई इस धोखाधड़ी की घटना का खुलासा किया है। सपना झरबड़े ने आरोप लगाया है कि उनकी सास प्रभा झरबड़े की एलआईसी पॉलिसी की राशि, जो लगभग 8 लाख 71 हजार रुपये है, उनकी देवरानी प्रियंका झरबड़े ने फर्जी हस्ताक्षर के जरिए अपने बैंक खाते में जमा करा ली है। धोखाधड़ी और पुलिस की उदासीनता से वे बेहद परेशान हैं।

सपना झरबड़े ने आरोप लगाया कि इस धोखाधड़ी में एलआईसी के शाखा प्रबंधक डी. श्रीधरराव और प्रियंका के भाई अखिलेश पंडोले (बीजेपी नेता) भी शामिल हैं। एलआईसी के विभागीय क्लेम फॉर्म पर इन तीनों व्यक्तियों के हस्ताक्षर मौजूद हैं। इस घटना के महत्वपूर्ण दस्तावेज़ सपना झरबड़े और उनके परिवार ने सूचना के अधिकार के अंतर्गत प्राप्त किए हैं। सपना झरबड़े ने बीजेपी नेता अखिलेश पंडोले पर आरोप लगाया कि वे थाना प्रभारी शाजापुर और पुलिस अधीक्षक शाजापुर के मित्र हैं, और उनके कहने पर ही पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश पंडोले आने वाले समय में सारनी आमला विधानसभा से बीजेपी पार्टी के विधायक की दावेदारी कर रहे हैं और इसलिए पुलिस उनके प्रभाव में है। सपना झरबड़े ने बताया कि उनके पति नरेश झरबड़े पर 11 मई 2024 को सारनी पुलिस ने धारा 354 के तहत मामला पंजीबद्ध कर दिया है। यह कार्रवाई भी अखिलेश पंडोले के कहने पर ही की गई है। सपना झरबड़े ने अपने ज्ञापन में आम आदमी पार्टी से अपील की है कि उनका आवेदन पत्र स्वीकार कर उनकी और उनके परिवार की सहायता की जाए और उन्हें न्याय दिलवाया जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर लगाए गए गंभीर आरोपों की जांच की मांग की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। इस मामले में आम आदमी पार्टी सारनी के प्रमुख अजय सोनी ने भी पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है और सपना झरबड़े को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।

— समझौता करने के लिए दबाव बना रही पुलिस–

सपना झरबड़े का कहना है कि पुलिस द्वारा इस मामले में समझौता करने के लिए उनके परिवार पर दबाव डाला जा रहा है। पुलिस ने धमकी दी है कि अगर वे समझौता नहीं करेंगे तो उनके पति नरेश झरबड़े को छेड़छाड़ के केस में फंसा देंगे। वहीं अजय सोनी का कहना है कि यह मामला एक आम नागरिक द्वारा अपने अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। एक तरफ जहां फर्जीवाड़ा और धोखाधड़ी से जूझते हुए सपना झरबड़े अपने परिवार के साथ न्याय की उम्मीद कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ सत्ता और प्रभाव का दुरुपयोग हो रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन और न्यायपालिका इस मामले में क्या कदम उठाती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button