water god’s gift: जल ईश्वर का अनमोल वरदान है, इसे सहेजना हमारा कर्तव्य: मधु चौहान

आठनेर के ग्राम बागवानी में बोरी बंधान कर जल संरक्षण का लिया संकल्प


बैतूल। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशन में ग्राम बागवानी में जल संरक्षण की एक अनूठी पहल करते हुए ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति और मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के सेक्टर कांवला के छात्र-छात्राओं ने बोरी बंधान कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के आठनेर विकासखंड की समन्वयक मधु चौहान ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जल संरक्षण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि बारिश का अधिकतर पानी नदी-नालों के माध्यम से समुद्र में चला जाता है, जिससे जलस्तर कम हो रहा है। छोटे-छोटे बोरी बंधानों से धरती में जल पुनर्भरण होता है, जो फसलों और मवेशियों के लिए जल का संरक्षण करने में सहायक है। मधु चौहान ने इसे ईश्वर का अनमोल वरदान बताया और इसके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
नवांकुर संस्था ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सावंगी के अध्यक्ष दिनेश माकोड़े ने कहा कि जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए गांव-गांव में ऐसे कार्यक्रम होने चाहिए ताकि सभी जल की महत्ता को समझ सकें। सेक्टर कांवला के मेंटर आशुतोष सिंह चौहान ने भी जल के महत्व पर चर्चा की और बताया कि यह मानव जीवन ही नहीं, बल्कि पेड़-पौधों, पशु-पक्षियों और समस्त जीव-जंतुओं के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस कार्यक्रम में राजवंती, सतीश उईके, दुर्रीलाल, दुर्गा अहाके, बबीता कुमरे, बिसराम धुर्वे, गनीता, रूपेश, रवीना, अशोक, चंद्रिका, निकिता, प्रभुलाल, केशोराव और सुबिता सहित सेक्टर के अन्य सीएमसीएलडीपी छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन जल संरक्षण के संकल्प और भोजन प्रसादी के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button